चुनाव आयोग के सम्मेलन में ‘राष्ट्रीय घोषणा’ को अपनाया गया
नई दिल्ली, 25 फरवरी (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) और राज्य चुनाव आयुक्तों (एसईसी) के मंगलवार को आयोजित राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन में ‘राष्ट्रीय घोषणा 2026’ को सर्वसम्मति से अपनाया गया। साथ ही यह संकल्प लिया गया कि इस प्रकार की बैठक अब हर वर्ष आयोजित की जाएगी।
चुनाव आयोग के मुताबिक 27 वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित इस सम्मेलन में 30 राज्यों के राज्य निर्वाचन आयुक्तों ने भाग लिया। सम्मेलन की अध्यक्षता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने की। इस अवसर पर निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी भी उपस्थित रहे।
सम्मेलन में चुनावी प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। इसमें ईसीआईनेट, ईवीएम, मतदाता सूची प्रबंधन और प्रशिक्षण सुविधाओं को राज्यों के साथ साझा करने पर सहमति बनी। राज्य निर्वाचन आयुक्तों ने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है तथा पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया लोकतांत्रिक संस्थाओं को सुदृढ़ करती है।
राष्ट्रीय घोषणा 2026 में यह भी तय किया गया कि पंचायत और नगर निकाय चुनावों से संबंधित कानूनों को संसद और विधानसभा चुनावों से जुड़े प्रावधानों के साथ समन्वय में लाया जाएगा, ताकि चुनावी प्रक्रिया में एकरूपता सुनिश्चित हो सके।
निर्वाचन आयोग ने राज्यों से अपने अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का आग्रह भी किया। सम्मेलन में राज्यों से प्राप्त सुझावों की समीक्षा के लिए कानूनी और तकनीकी अधिकारियों की एक संयुक्त टीम गठित करने का निर्णय लिया गया। यह टीम तीन महीने के भीतर राज्यवार कार्ययोजना तैयार कर आयोग को सौंपेगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर