चुनावी राज्यों में पार्टियों को दूरदर्शन, आकाशवाणी पर निःशुल्क प्रसारण समय देने की घोषणा

 


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों के लिए मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों को दूरदर्शन और आकाशवाणी पर निःशुल्क प्रसारण समय आवंटित करने की घोषणा की है।

निर्वाचन आयोग ने कहा कि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 39ए के तहत सभी मान्यता प्राप्त दलों को डिजिटल टाइम वाउचर आईटी प्लेटफॉर्म के माध्यम से जारी कर दिए गए हैं। प्रसारण और दूरदर्शन का समय प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित होने की तारीख से लेकर मतदान की तारीख से दो दिन पहले तक राज्य स्तर पर लॉटरी निर्धारित किया जाएगा।

प्रत्येक पार्टी को दूरदर्शन और आकाशवाणी पर 45 मिनट का बेस टाइम राज्य के क्षेत्रीय नेटवर्क पर समान रूप से निःशुल्क दिया जाएगा। इसके अलाना पिछले विधानसभा चुनावों में प्रदर्शन के आधार पर राजनीतिक दलों को अतिरिक्त समय भी दिया गया है।

चुनाव आयोग ने कहा कि राजनीतिक दलों को अपने प्रसारण और दूरदर्शन कार्यक्रमों की स्क्रिप्ट और रिकॉर्डिंग पहले से जमा करनी होगी। दूरदर्शन और आकाशवाणी पर अधिकतम दो पैनल चर्चा और बहस के आयोजन में राजनीतिक दलों को एक प्रतिनिधि नामित करने की अनुमति होगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर