निर्वाचन आयोग ने फिल्मी गीत से दिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान का संदेश

 


कोलकाता, 13 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने मतदाताओं को जागरूक करने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए अनोखा तरीका अपनाया है। इस बार आयोग ने हिंदी फिल्म के एक लोकप्रिय गीत के जरिए अपना संदेश लोगों तक पहुंचाया है।

यह गीत है “हम प्यार करने वाले दुनिया से न डरने वाले”, जो वर्ष 1990 में रिलीज हुई फिल्म दिल का है। इस फिल्म में आमिर खान, माधुरी दीक्षित, अनुपम खेर और सईद जाफरी मुख्य भूमिकाओं में थे।

कोलकाता (दक्षिण) के जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस गीत को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किया है। इसके साथ दिए गए संदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिस तरह गीत के पात्र दुनिया से नहीं डरते, उसी तरह आयोग भी स्वतंत्र, निष्पक्ष और हिंसा-मुक्त चुनाव कराने के अपने संकल्प में किसी आलोचना से नहीं घबराएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपने संदेश में असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी भी दी है। उन्होंने कहा कि जो लोग मतदान प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश करेंगे, उन्हें सुरक्षा बलों की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। संदेश में व्यंग्यात्मक लहजे में कहा गया कि ऐसे लोगों को “जलन और खुजली के लिए पहले से ही मरहम तैयार रखना चाहिए।”

संदेश में मतदाताओं से अपील की गई है कि वे बिना किसी डर के मतदान करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि डराने-धमकाने वाले, गुंडागर्दी करने वाले और उपद्रवियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी।

निर्वाचन आयोग ने अपने संकल्प को दोहराते हुए स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की हिंसा, डराने-धमकाने, लालच देने, फर्जी मतदान, बूथ कब्जा या प्रक्रिया में बाधा डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।----

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर