डूसू चुनाव प्रचार थमा, शुक्रवार को मतदान, शनिवार को मतगणना

 


नई दिल्ली, 17 सितम्बर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के लिए प्रचार अभियान आधिकारिक रूप से आज थम गया। बीते कई दिनों से पर्चों, रैलियों, लाउडस्पीकरों और शक्ति प्रदर्शन से गुलजार रहने वाली कैंपस की सड़कों पर अब गहमागहमी कम हो गई थी।

मतदान की पूर्व संध्या पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) और अन्य छात्र संगठनों के प्रत्याशी और कार्यकर्ता व्यक्तिगत संपर्क अभियान के जरिए अपनी-अपनी जीत के दावे मजबूत करने में लगे हुए थे। मतदान शुक्रवार को कराया जाएगा।

मतदान के दौरान व परिणाम आने तक किसी भी संभावित हिंसक झड़प को रोकने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन और दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। नॉर्थ और साउथ कैंपस के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख फैकल्टी और कॉलेजों के बाहर भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग तैनात की गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने और आचार संहिता का उल्लंघन रोकने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही थी।

प्रचार के अंतिम दौर में झड़प की घटनाओं को लेकर पुलिस की जांच तेज हो गई है। प्रॉक्टर कार्यालय परिसर में बीते दिन कथित तौर पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा अभाविप सदस्यों पर किए गए कथित हमले के मामले में पुलिस गहन जांच पड़ताल कर रही है। जांच अधिकारी प्रॉक्टर कार्यालय और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रहे हैं, ताकि उपद्रवियों और हमलावरों की स्पष्ट पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।

खुले प्रचार पर पाबंदी लगने के बाद छात्र संगठनों ने हॉस्टलों और पीजी (पेइंग गेस्ट) में 'डोर-टू-डोर' मौन संपर्क साधना शुरू कर दिया दिया था। यूनियनों के नेताओं का दावा है कि है कि छात्र समुदाय उनके घोषणापत्र और विश्वविद्यालय के मुद्दों पर उनके साथ खड़ा है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े अभाविप के अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार यश डबास, उपाध्यक्ष पद के इशू मौर्य, सचिव पद के रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद के लक्ष्यराज सिंह का मुकाबला एनएसयूआई के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विजय शंकर मीणा, उपाध्यक्ष पद के वीर छत्रथ, सचिव पद के नम्रता चौधरी और सह-सचिव पद के गोपाल चौधरी से होगा। डूसू चुनाव की मतगणना शनिवार को होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी