डीयू का जनादेश पूरे देश के युवाओं के मन का प्रतिबिंब : अमित शाह

 


नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के परिणाम को पूरे भारत के युवाओं के मन का प्रतिबिंब बताया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय केवल एक विश्वविद्यालय नहीं है, बल्कि यहां देश के हर कोने से विद्यार्थी पढ़ने आते हैं और इसलिए यहां का जनादेश देश के युवाओं की सोच को दर्शाता है।

शाह ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर डूसू चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रदर्शन पर संगठन के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत उन ताकतों के लिए स्पष्ट संदेश है, जो युवा शक्ति को राष्ट्रविरोधी एजेंडे की प्रयोगशाला बनाना चाहती हैं। देश का युवा ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़ा है।

एक अन्य पोस्ट में गृहमंत्री ने कहा कि डूसू चुनाव में अभाविप की जीत परिषद की ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा और छात्रहित के प्रति उसके समर्पण पर युवाओं के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि परिषद के कार्यकर्ता इस जीत से मिली नई ऊर्जा और स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलते हुए छात्रहित और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाते रहेंगे।

डूसू चुनाव में एबीवीपी ने चार केंद्रीय पदों में से तीन पर जीत दर्ज की। यश डबास अध्यक्ष, रिया छावड़ी सचिव और लक्ष्यराज सिंह संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत दर्ज की। वह पूर्व में एनएसयूआई से जुड़े रहे हैं।

अध्यक्ष पद पर यश डबास को 24,576 वोट मिले, जबकि एनएसयूआई के विजय शंकर मीणा को 22,523 वोट मिले। इस चुनाव में अभाविप के केंद्रीय पैनल के तीन पद हासिल किए, जबकि एनएसयूआई किसी भी केंद्रीय पद पर जीत दर्ज नहीं कर सकी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार