शीतकाल के लिए बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट
उत्तरकाशी, 10 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व पर विधिवत पूजा अर्चना के साथ 12:05 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके बाद मां गंगा की उत्सव डोली शीतकालीन पड़ाव मुखीमठ (मुखबा) के लिए रवाना हुई। डोली बुधवार सुबह मुखबा पहुंचेगी। जहां अब श्रद्धालु आगामी छह माह तक मुखीमठ (मुखबा) में ही मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे।
मंगलवार को गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने की तैयारी सुबह 09 बजे से शुरू हुई। सर्व प्रथम उदय बेला पर मां गंगा के मुकुट को उतारा गया। इस बीच श्रद्धालुओं ने मां के भोग मूर्ति के दर्शन किए। इसके बाद अमृत बेला, स्वाती नक्षत्र प्रीतियोग शुभ लग्न पर ठीक 12:05 पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद किए गए। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों ने विशेष पूजा व गंगा लहरी का पाठ किया। डोली में सवार होकर गंगा की भोगमूर्ति जैसे ही मंदिर परिसर से बाहर निकली तो पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।
आर्मी की कुमांऊ रेजीमेंट बैंड की धुन और परंपरागत ढोल दमाऊ की थाप के साथ 12: 15 पर तीर्थ पुरोहित गंगा की डोली को लेकर शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव के लिए पैदल रवाना हुए। रात्रि विश्राम के लिए गंगा की डोली मुखबा से चार किमी पहले चंदोमति के देवी के मंदिर में पहुंचेगी। 11 नवम्वर की सुबह मां गंगा की डोली चंदोमती माता मंदिर से मुखीमठ स्थित गंगा मंदिर में पहुंचेगी। जहां आगामी छह माह तक मां गंगा की विधिवत पूजा अर्चना की जाएगी।
इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, प्रमुख डुंडा राजदीप परमार,मंदिर समिति अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, नगरपालिकाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, राजेश सेमवाल, पवन सेमवाल, हरीश सेमवाल, सीओ जनक सिंह पंवार सहित तीर्थ पुरोहित एवं देश-विदेश के सैंकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल