हैदराबादवासी श्रद्धालु ने तिरुपति बालाजी मंदिर ट्रस्ट को दिया एक करोड़ का दान
हैदराबाद, 13 अप्रैल (हि.स.)। तिरुपति स्थित भगवान बालाजी वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर ट्रस्ट को हैदराबाद के एक कारोबारी ने एक करोड़ रुपये का दान दिया है। यह रकम गंभीर बीमारियों से पीड़ित गरीब मरीजों के उपचार में खर्च किया जाएगा है।
मंदिर प्रशासन ने एक बयान जारी कर बताया कि हैदराबाद निवासी अल्लूरी वर्मा नामक श्रद्धालु ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम् (टीटीडी) से जुड़े श्री वेंकटेश्वर प्राणदान ट्रस्ट को एक करोड़ से अधिक की राशि दान दी है। सोमवार को यह दान डिमांड ड्राफ्ट के रूप में श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के रंगनायकुला मंडपम में टीटीडी के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी सीएच वेंकैया चौधरी को सौंपा गया। अल्लूरी वर्मा हैदराबाद में रहते हैं और उनकी इस्पात बनाने की कंपनी है। वे एक स्टील कंपनी के प्रबंध निदेशक हैं।
उल्लेखनीय है कि नवंबर 2001 में स्थापित श्री वेंकटेश्वर प्राणदान ट्रस्ट का उद्देश्य हृदय, किडनी, मस्तिष्क, कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित गरीब मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करना है। आंध्रप्रदेश के तिरुपति जिले में स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर पूरी दुनिया में तिरुपति बालाजी मंदिर के नाम से मशहूर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj