जेपी नड्डा ने एम्स के सभी डॉक्टरों को दी डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 30 जून (हि.स.)। डॉक्टर्स डे के अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा एम्स के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने एम्स के सभी डॉक्टरों को शुभकामनाएं दी है।
केंद्रीय मंत्री नड्डा ने एक वीडियो संदेश में एम्स के संकाय सदस्यों, रेजिडेंट डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों, वैज्ञानिकों, स्वास्थ्यकर्मियों, तकनीकी एवं प्रशासनिक कर्मचारियों, स्वच्छता कर्मियों तथा सहयोगी स्टाफ द्वारा मरीजों की सेवा, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में दिए जा रहे योगदान की सराहना की।
उन्होंने एफएआईएमएस और एम्स प्रशासन के संयुक्त प्रयासों की प्रशंसा करते हुए संकाय कल्याण, संस्थागत विकास, एम्स मास्टर प्लान के क्रियान्वयन, संकाय आवास एवं कार्यालय संबंधी मुद्दों, सीजीएचएस, आठवें वेतन आयोग से जुड़े विषयों, प्रशासनिक सुधारों तथा शैक्षणिक सुदृढ़ीकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
नड्डा ने आऱडीए सहित कई संगऑनों तथा आयोजन समिति द्वारा संचालित स्वैच्छिक रक्तदान अभियान, योग एवं वेलनेस कार्यक्रम, वॉक टू विन फिटनेस अभियान, वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण और डिजिटल जन-जागरूकता पहलों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि समाज की सेवा के साथ-साथ स्वास्थ्यकर्मियों को अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए।
डॉक्टर्स डे के अवसर पर उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से करुणामय मरीज सेवा, नैतिक चिकित्सा, वैज्ञानिक उत्कृष्टता, अनुसंधान एवं नवाचार, निवारक स्वास्थ्य और मानवता की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उन्होंने एम्स परिवार के सभी सदस्यों को डॉक्टर्स डे 2026 की शुभकामनाएं दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी