उत्तम नगर हत्याकांड में सख्त कार्रवाई, आठवां आरोपित गिरफ्तार, एक के मकान में चला बुलडोजर
नई दिल्ली, 08 मार्च। द्वारका जिले के उत्तम नगर में हुए बहुचर्चित हत्याकांड में दिल्ली पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं मृतक तरुण के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ दी हैं।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान हस्ताल रोड, उत्तम नगर निवासी इमरान उर्फ बंटी (38) के रूप में हुई है। वह इस हत्याकांड में गिरफ्तार होने वाला आठवां आरोपित है। पुलिस ने उसे लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के आधार पर पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में इससे पहले भी कई आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका था। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस टीम ने इमरान उर्फ बंटी को भी दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस बीच प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने इस मामले में एक आरोपित निजामुद्दीन से जुड़ी संपत्ति पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध निर्माण के खिलाफ की गई है।
पुलिस के मुताबिक, यह पूरा विवाद होली के दिन पानी से भरे गुब्बारे फेंकने को लेकर शुरू हुआ था, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। 4 मार्च की रात करीब 11 बजे उत्तम नगर थाना पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी कि दो पड़ोसी परिवारों के बीच झगड़ा हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के लोग सड़क पर उतर आए थे और मारपीट शुरू हो चुकी थी। इस झड़प में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के पांच लोग घायल हो गए थे। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों में शामिल 26 वर्षीय तरुण की हालत गंभीर थी। अगले दिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। तरुण की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए जांच तेज कर दी।
पुलिस ने अब तक इस मामले में सात वयस्क और एक नाबालिग समेत कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवार पिछले करीब 50 वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। पार्किंग और कूड़ा फेंकने जैसे छोटे-छोटे मुद्दों को लेकर उनके बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
पुलिस का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व इस घटना को अलग रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इलाके में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी