दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने लद्दाख के उपराज्यपाल से की मुलाकात
नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने अपने लद्दाख अध्ययन दौरे के दौरान लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर उनके साथ दिल्ली विधानसभा के सदस्य सूर्य प्रकाश खत्री, संजय गोयल एवं अहीर दीपक चौधरी भी उपस्थित रहे। बैठक ने शासन, विकास, सतत प्रगति और क्षेत्र के समक्ष उपस्थित पर्यावरणीय चुनौतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श का अवसर प्रदान किया। यह जानकारी एक बयान में दी गयी।
बैठक के दौरान उपराज्यपाल ने लद्दाख के केंद्रशासित प्रदेश बनने के बाद वहां हो रहे व्यापक विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लद्दाख में जिलों की संख्या दो से बढ़ाकर सात कर दी गई है, जिससे प्रशासनिक पहुंच मजबूत हुई है तथा विकास कार्यों में तेजी आई है। उपराज्यपाल ने क्षेत्र में चल रही महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक परियोजनाओं, विशेषकर रणनीतिक सुरंगों एवं संपर्क-सुविधाओं के निर्माण कार्यों का भी उल्लेख किया, जो वर्षभर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने, आर्थिक विकास को गति देने तथा स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने उपराज्यपाल को दिल्ली विधानसभा द्वारा डिजिटल प्रशासन और पर्यावरणीय सततता के क्षेत्र में किए गए विभिन्न नवीन पहलों से अवगत कराया। उन्होंने राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) के सफल क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके माध्यम से कागज के उपयोग में उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे बड़ी संख्या में वृक्षों के संरक्षण में सहायता मिली है तथा विधानसभा की कार्यक्षमता में भी वृद्धि हुई है।
गुप्ता ने यह भी जानकारी दी कि दिल्ली विधानसभा परिसर में स्थापित 500 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र से विद्युत खपत में उल्लेखनीय बचत हुई है। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा क्षमता में अतिरिक्त 300 किलोवाट की वृद्धि की योजना पर कार्य किया जा रहा है, जिसके पूर्ण होने पर विधानसभा अपनी विद्युत आवश्यकताओं की पूर्ति में लगभग आत्मनिर्भर हो जाएगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव