गरीबी से मुक्ति और नक्सलवाद का अंत देश की दो बड़ी उपलब्धियां : प्रधानमंत्री
-जनजातीय गौरव दिवस पर बोले मोदी- नक्सली हिंसा से सबसे ज्यादा नुकसान आदिवासी समाज को हुआ-गढ़चिरौली में आयोजित कार्यक्रम में 3,000 करोड़ रुपये की 246 विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास
नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि इस वर्ष जब देश जनजातीय गौरव दिवस मना रहा है, तब देश के पास दो बड़ी उपलब्धियां हैं। इनमें गरीबी से मुक्ति और नक्सलवाद-माओवादी आतंक का अंत शामिल है। ये दोनों उपलब्धियां जनजातीय समाज से भी गहराई से जुड़ी हैं। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि गढ़चिरौली समेत देश के तमाम जनजातीय क्षेत्रों में नक्सली हिंसा ने सबसे अधिक नुकसान आदिवासी समुदाय को पहुंचाया है। वर्ष 2014 में देश के करीब 125 जिले माओवाद और नक्सलवाद से प्रभावित थे। इन क्षेत्रों में हर साल हिंसा की सैकड़ों घटनाएं होती थीं और हजारों निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती थी। इनमें बड़ी संख्या आदिवासी भाई-बहनों की थी।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की पिछली परिस्थितियों और वहां के लोगों की पीड़ा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि माओवाद और नक्सलवाद से प्रभावित इलाकों में जनजातीय समाज को लंबे समय तक उसके हाल पर छोड़ दिया गया था। उनके अधिकार छीन लिए गए थे और वे अपनी बात तक नहीं रख पाते थे। इन इलाकों में लोगों को मतदान करने से रोका जाता था, लेकिन तत्कालीन सरकारें मूकदर्शक बनी रहती थीं। नक्सली परिवारों की बेटियों को जबरन उठा ले जाते थे और पीड़ित परिवार बेबसी में तड़पते रहते थे। अब नक्सलवाद खत्म होने के बाद जनजातीय समाज की माताएं और बहनें खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं तथा सरकार को आशीर्वाद दे रही हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के कारण जिन बच्चों का बचपन छिन गया था, वे आज युवा होकर देश की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। छत्तीसगढ़ के बस्तर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था, जब लोग उस क्षेत्र में जाने से डरते थे, लेकिन अब वहां परिस्थितियां बदल रही हैं। कुछ समय पहले उन्होंने बस्तर के केंद्र में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाई थी। यह बदलाव इन क्षेत्रों में सुरक्षा और विश्वास का नया वातावरण बनने का संकेत है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ विकास पर भी विशेष ध्यान दिया है। लंबे समय से विकास की दौड़ में पीछे रह गए क्षेत्रों को आगे लाने के लिए देशभर में 100 से अधिक आकांक्षी जिलों और 500 से अधिक आकांक्षी ब्लॉकों में विशेष अभियान चलाए गए हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे क्षेत्रों की है, जहां जनजातीय आबादी अधिक है। सरकार का प्रयास है कि इन इलाकों के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर बेहतर सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
प्रधानमंत्री ने कृषि क्षेत्र में पिछड़े जिलों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि 'पीएम कृषि धन-धान्य योजना' के तहत ऐसे 100 जिलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य वहां के किसानों, गरीब परिवारों और जनजातीय समाज के लिए नए अवसर तैयार करना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में अब राष्ट्रीय दिवसों और उत्सवों को विदेशी दृष्टिकोण के बजाय अपनी विरासत, इतिहास और नायकों के गौरव के साथ याद किया जा रहा है। यह राष्ट्रीय चेतना में आए बड़े बदलाव का प्रतीक है। जनजातीय समाज के नायकों और उनके संघर्ष को उचित सम्मान देना तथा उनके योगदान को देश के सामने लाना इसी स्वदेशी स्वाभिमान का हिस्सा है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और उनके उलगुलान का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा अवस्था में उनका बलिदान और संघर्ष आज भी करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2021 में 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' मनाने की शुरुआत हुई थी। तब से यह एक राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। पिछले वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर देशभर में दो लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें करोड़ों देशवासियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने करीब 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य देशभर के जनजातीय समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, आजीविका और सामुदायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।
प्रधानमंत्री ने 173 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें जनजातीय विद्यार्थियों के लिए 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन) के तहत 100 बहुउद्देश्यीय केंद्र शामिल हैं। ये केंद्र सेवाओं की आपूर्ति और सामुदायिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में काम करेंगे। उन्होंने पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (डीएजेजीयूए) के तहत विभिन्न अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।
अन्य प्रमुख परियोजनाओं में अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में जनजातीय अनुसंधान संस्थान (टीआरआई) का भवन और मिजोरम के आइजोल में रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय शामिल हैं। इनका उद्देश्य जनजातीय संस्कृति एवं विरासत का संरक्षण करना है।
रोपुइलियानी संग्रहालय मिजो जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, वीरता और बलिदान की याद दिलाने के साथ-साथ मिजो समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत और धरोहर को भी प्रदर्शित करेगा। इसका नाम 19वीं सदी की मिजो महिला प्रमुख रोपुइलियानी के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन का साहसपूर्वक विरोध किया था। उन्हें जनजातीय प्रतिरोध और बलिदान के प्रतीक के रूप में याद किया जाता है।
प्रधानमंत्री ने 19 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की आधारशिला रखी। इससे जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता और मजबूत होगी। उन्होंने जनजातीय उत्पादकों की बाजार तक पहुंच बेहतर बनाने के उद्देश्य से 12 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्रों (टीएमएमसी) का भी शिलान्यास किया। इसके अलावा पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 42 अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा