महमूद मदनी बोले- देश में मुस्लिमों को बनाया जा रहा निशाना

 


नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। जमीअत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने देश में मुसलमानों को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पहले मॉब लिंचिंग फिर बुलडोजर और अब मस्जिदों एवं दरगाहों और मुसलमानों के घरों को निशाना बनाया जा रहा है। संविधान में दिए गए अधिकारों से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है। देश में अराजकता जैसे हालात फैलाने की कोशिश की जा रही है।

महमूद मदनी ने बुधवार को आईटीओ स्थित जमीअत मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आज जमीअत उलमा-ए-हिंद की कार्यकारिणी की आपात बैठक में इन सबके खिलाफ जोरदार तरीके से आवाज उठाने का फैसला लिया गया है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसका विरोध करने का फैसला लिया गया है। भारत के मित्र देशों के सामने देश के मुसलमानों की ताजा स्थिति को रखने का फैसला लिया गया है।

मौलाना मदनी ने कहा कि केंद्र सरकार, राज्य सरकारों और प्रशासन की मिलीभगत से देश के सबसे बड़े अल्पसंख्यक समुदाय मुसलमानों को परेशान किया जा रहा है। उनके ऊपर अत्याचार किया जा रहा है । उनकी मस्जिदों, दरगाहों, इबादतगाह्रों को तोड़ा जा रहा है। अदालतों की विफलता की वजह से देश में इस तरह की स्थिति बनी है और इसकी वजह से देश के मुसलमानों में काफी बेचैनी भी पाई जा रही है।

मौलाना मदनी ने कहा कि कार्यकारिणी की बैठक में देश के वर्तमान हालात पर विस्तार से चर्चा की गई और इस तरह के मामलों को रोकने के लिए रणनीति बनाने पर जोर किया गया। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को असहाय बनाने की कोशिश की जा रही है, यह देशहित में नहीं है। इस तरह की स्थिति से उबरने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आदोलन शुरू करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि संविधान ने जो भी अधिकार दिए हैं उसका पूरा इस्तेमाल किया जाएगा। सरकार, लोकतंत्र, और प्रशासन को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहम्मद ओवैस

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहम्मद शहजाद