दिल्ली विधानसभा में पंजाब की आआपा सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पेश
नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा में बुधवार को कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब में आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार के भ्रष्टाचार और अत्याचारों पर गंभीर आरोप लगाते हुए निंदा प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या का जिक्र करते हुए कहा कि आआपा सरकार के मंत्री लालजीत सिंह भुल्लड़ ने टेंडर परिवार के लोगों को दिलाने के दबाव में अधिकारी को बंधक बनाकर जबरन वीडियो बनवाया। भुल्लर के दबावों के चलते वेयरहाउसिंग के जनरल मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा को आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा।
सिरसा ने अन्य घटनाओं का भी उल्लेख किया, जिसमें विधायक अमृतपाल सिंह सुखारा द्वारा एसडीएम वालिया को गैंगस्टरों द्वारा मरवाने की धमकी और आआपा के कारण फरीदकोट के दो भाइयों का कर्ज और दबाव के चलते आत्महत्या करना प्रमुख घटनाएं हैं। ये सभी घटनाएं पंजाब में खौफ और अन्याय का माहौल दिखाती हैं। पंजाब को इन्होंने इतना बर्बाद किया है कि आज सदन में निंदा प्रस्ताव आया है और इस सदन ने एकजुट होकर, इस निंदा प्रस्ताव को पारित किया है।
सिरसा ने इन घटनाओं के लिए आआपा के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जिम्मेदार ठहराते हुए उचित विधिक कार्रवाई की कमी पर सवाल उठाए और पंजाब को अपना परिवार बताते हुए दिल्ली विधानसभा से एकजुट समर्थन की अपील की। यह प्रस्ताव पंजाब के लोगों पर आआपा के अत्याचारों की कड़ी निंदा करता है। उन्होंने कहा कि जब तक पंजाब में आआपा के अत्याचार बंद नहीं होंगे, तब तक मेरी आवाज भी नहीं रुकेगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव