अजय कुमार पासवान को बनाया गया बिहार कांग्रेस मीडिया विभाग का अध्यक्ष

 


-राजेश राठौड़ की जगह मिली जिम्मेदारी, खरगे की मंजूरी के बाद केसी वेणुगोपाल ने जारी किया आदेश

नई दिल्ली, 04 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के बाद संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं प्रचार विभाग में बदलाव किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद अजय कुमार पासवान को विभाग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने रविवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार, अजय कुमार पासवान अब बिहार कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग की कमान संभालेंगे। वह मौजूदा अध्यक्ष राजेश राठौड़ का स्थान लेंगे। पार्टी के इस फैसले को विधानसभा चुनाव के बाद संगठनात्मक स्तर पर बदलाव की कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है।

दरअसल, राजेश राठौड़ ने एक दिन पहले बिहार विधान परिषद के तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था। कांग्रेस ने उन्हें एमएलसी चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया था। इसके बाद पार्टी ने मीडिया एवं प्रचार विभाग की जिम्मेदारी में बदलाव किया है।

अजय कुमार पासवान मूल रूप से जहानाबाद के रहने वाले हैं। वह कांग्रेस के अनुसूचित जाति-जनजाति (एससी-एसटी) विभाग में राष्ट्रीय समन्वयक की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वर्तमान में वह बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता के रूप में पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते रहे हैं। अब उन्हें प्रदेश के मीडिया एवं प्रचार विभाग की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, विधानसभा चुनाव के बाद बिहार कांग्रेस संगठन को नए सिरे से मजबूत करने और मीडिया तंत्र को अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसी क्रम में मीडिया एवं प्रचार विभाग का पुनर्गठन किया गया है। दो दिन पहले जारी सूची में मीडिया और प्रचार से जुड़े विभिन्न पदों पर 93 नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब विभाग के शीर्ष स्तर पर बदलाव के साथ पार्टी ने अपने संचार तंत्र को नए सिरे से व्यवस्थित करने का संकेत दिया है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर