लोकसभा अध्यक्ष व अन्य ने 'देव उठानी एकादशी' पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

 


नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षा मंत्र राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने शुक्रवार को कार्तिक शुक्ल एकादशी के पावन पर्व 'देव उठानी एकादशी' पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी।

बिरला ने एक्स पर लिखा, भारतीय साहित्य और प्राचीन धार्मिक परंपराओं में, देव उठानी एकादशी का विशेष आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। यह वह पवित्र अवसर माना जाता है जब भगवान श्री हरि विष्णु अपनी योग-निद्रा से जागते हैं। इसी दिन से 'चातुर्मास' का समापन होता है और विवाह सहित कई मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। 'तुलसी विवाह' की परंपरा इस पर्व को और भी विशेष बना देती है। यह उत्सव हमारी सनातन जीवन-पद्धति में प्रकृति, उपासना, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक कल्याण के सुंदर सामंजस्य को दर्शाता है। देव उठानी एकादशी का यह पावन अवसर हमें नई ऊर्जा, शुभ संकल्पों और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। भगवान श्री हरि विष्णु की कृपा से प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि का वास हो। हमारी सनातन परंपराओं की यह अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर समाज में सद्भावना, सामंजस्य और जन-कल्याण की भावना को और सुदृढ़ करे; और हमारा राष्ट्र निरंतर प्रगति, समृद्धि तथा सर्वांगीण विकास के पथ पर अग्रसर रहे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति और आस्था में देव उठानी एकादशी का विशेष महत्व है। माना जाता है कि इस दिन भगवान श्री हरि विष्णु अपनी योग निद्रा से जागते हैं और शुभ कार्यों की शुरुआत होती है। भगवान श्री हरि विष्णु का आशीर्वाद सभी पर बना रहे, और हर परिवार के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि आए।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सृष्टि के पालनहार भगवान विष्णु और माता तुलसी की कृपा से सभी का जीवन सुख, शांति एवं समृद्धि से भर जाए, यही उनकी प्रार्थना है।

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि देव उठनी एकादशी और तुलसी विवाह के अवसर पर संसार के पालनहार भगवान विष्णु के चरणों में साष्टांग नमन करते हैं।

केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भगवान श्री हरि विष्णु और माता तुलसी की कृपा से आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सौभाग्य आए। सभी शुभ कार्यों की यह मंगलमय शुरुआत आपके लिए सौभाग्य लेकर आए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी