मप्र के अशोक नगर जिले में 21 महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर होगा फोकसः सिंधिया

 

अशोक नगर, 17 जुलाई (हि.स.)। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अशोक नगर जिले के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों की 21 महत्वपूर्ण परियोजनाओं को एजेंडा में शामिल किया गया है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जिले में सड़क, स्वास्थ्य, सिंचाई, पेयजल, खेल, नगरीय विकास एवं औद्योगिक क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिलेगा।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया शुक्रवार को मप्र के अशोक नगर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के विकास कार्यो के संबंध में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रमुख परियोजनाओं में अमृत 2.0 के तहत अर्बन वाटर डिस्ट्रीब्यूशन स्कीम, ट्रांसपोर्ट नगर, चंदेरी माइक्रो इरिगेशन प्रोजेक्ट, मल्हारगढ़ सिंचाई योजना, गीता भवन (ऑडिटोरियम), चंदेरी अस्पताल, कुरवाई-मुंगावली-चंदेरी मार्ग (एनएच- 346), कॉल सेंटर, मल्टीपरपज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, अशोकनगर बायपास तथा नए मेडिकल कॉलेज (सीएम प्रोजेक्ट) को विकास एडेंडे में शामिल किया गया है। इसके अलावा दूसरे चरण की परियोजनाओं में अर्बन ब्यूटीफिकेशन, राजघाट जल प्रदाय योजना, लुकवासा-ईसागढ़-ढाकोनी-चंदेरी-राजघाट मार्ग (73 किमी), शाढौरा से करीला माता मंदिर मार्ग, जिला अस्पताल उन्नयन, गुना-अशोकनगर- थूबोन-चंदेरी-राजघाट-ललितपुर राज्य मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर फोरलेन किए जाने का प्रस्ताव शामिल है।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले में बेहतर सड़क संपर्क, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, पेयजल व्यवस्था में सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण, खेल अधोसंरचना का विकास तथा औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। जिलेवासियों को अब इन बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन का इंतजार है, जिससे अशोकनगर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होगा।

सिंधिया ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्राप्त कई आवेदनों का 24 घंटे के भीतर समाधान किया गया। उन्होंने कहा कि “आपकी सेवा ही हमारा धर्म है” और प्रशासन को इसी भावना के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले की जनसुनवाई की नियमित मॉनिटरिंग के लिए डिजिटल व्यवस्था भी विकसित की गई है, जिससे प्रत्येक आवेदन की प्रगति पर निरंतर नजर रखी जा रही है।

सिंधिया ने अशोक नगर में की 5200 करोड़ की विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा

इससे पहले केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा)की बैठक में अशोकनगर जिले में संचालित 5200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं व कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति समीक्षा कर कार्यों को गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने जिले में चल रहे विकास कार्यो पर सतत निगरानी,प्रगति,गुणवत्ता के लिए विधायक, जनप्रतिनिधि तथा प्रशासन की संयुक्त टीम बनाई गई, जो मौके पर जाकर कार्यो की गुणवत्ता को देखकर प्रत्येक परियोजना की सतत मॉनीटरिंग सुनिश्चित करेगी।

बैठक में उन्होंने अमृत 2.0 अंतर्गत शहरी जल वितरण योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि नगरीय निकायों में वर्ष 2040 को दृष्टिगत रखते हुए जल आपूर्ति की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बैठक में 558 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली चंदेरी सूक्ष्म सिंचाई परियोजना की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि परियोजना की यथाशीघ्र टेस्टिंग एवं कमिश्निंग कार्य पूर्ण कर लोकार्पण का कार्य पूर्ण कराया जाए। जिससे चंदेरी, मुंगावली, पिपरई तहसील के 121 ग्रामों के किसान इस योजना से लाभान्वित हो सके। इस योजना के प्रारंभ होने से 28 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचिंत होगी।

बैठक में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। साथ ही निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। बैठक में जनप्रतिनधियों के प्राप्त सुझावों पर विशेष चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिये गए। बैठक में कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा जिले के विकास कार्यो की अद्यतन स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

भारत का स्वर्णिम भविष्य पीएम स्वनिधि के हितग्राहियों के हाथों में: सिंधिया

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को अशोकनगर के तुलसी सरोवर तालाब के समीप आयोजित पीएम स्वनिधि के हितग्राहियों से संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत का स्वर्णिम भविष्य प्रधानमंत्री स्वनिधि के हितग्राहियों के हाथों में है। ऐसी हस्तियों से मुलाकात कर मन एवं हृदय से खुशी होती है।

कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि पीएम स्वनिधि के हितग्राहियों ने जो कहानी सुनाई है, उसमें परिश्रम,मेहनत, ईमानदारी की झलक मिलती है। यह उनकी सबसे बडी पूंजी है। श्रम, मेहनत एवं परिश्रम की एक-एक बूंद से उन्होंने अपने सपने को साकार किया है। जिसके माध्यम से उन्होंने अपनी प्रगति के मार्ग को प्रशस्त किया है।

उन्होंने कहा कि पहले इन हितग्राहियों को किसी ने नही पूजा,उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूजा है। पिछले 12 वर्षो में एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के मार्ग को प्रशस्त करते हुए मानव जीवन को परिवर्तित कराया है। उन्होंने स्वास्थ्य के लिए आयुष्मान कार्ड धारियों को 05 लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था कराई गई है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पिछले 10 वर्षो में 04 करोड़ पक्के घरों की सौगात हितग्राहियों को दी गई। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने हेतु गैस कनेक्शन उपलब्ध कराये गये हैं।

कार्यक्रम में सिंधिया ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों से सीधा संवाद स्थापित कर पीएम स्वनिधि से लिये गये ऋण तथा अपने व्यवसाय के बारे में विस्तार से जानकारी ली। कार्यक्रम में उन्होंने पीएम स्वनिधि योजनान्तर्गत पात्र चयनित 04 हितग्राहियों को 50-50 हजार रुपये की ऋण राशि के चैक प्रदान किये।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर