सूरत में गुरुवार को निकलेगी विशाल “गौ सम्मान रैली”, राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग
सूरत, 06 मई (हि.स.)। देशभर में गौमाता को “राष्ट्रमाता” का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर चल रहे अभियान के तहत सात मई को सूरत शहर में विशाल “गौ सम्मान अभियान” आयोजित किया जाएगा। इस अभियान में हजारों गौसेवक, सनातन धर्म प्रेमी, सामाजिक संगठन एवं व्यापारी वर्ग शामिल होकर रैली निकालेंगे तथा कलेक्टर को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
अभियान से जुड़े आयोजकों के अनुसार, हाल ही में देशभर में शहरों, गांवों और तहसील स्तर पर रैलियां, हस्ताक्षर अभियान और मिस कॉल अभियान चलाकर भारत सरकार से गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग की गई थी। इसी कड़ी में अब सूरत में भी व्यापक जनजागरण कार्यक्रम रखा गया है।
कार्यक्रम के तहत अमरोली, वराछा, कतारगाम, रामबाड़ी, पर्वत पाटिया, नंदेश्वर गौशाला, माधव गौशाला, सर्वधर्म संस्था सहित कई गौसेवी संगठनों के सदस्य सुबह 9 बजे मिलेनियम मार्केट के सामने एकत्रित होंगे। यहां से सुबह 9:30 बजे रैली वनिता विश्राम पहुंचेगी। भटार, वेसू, पांडेसरा, डिंडोली, सिटी लाइट और अडाजन समेत विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली रैलियां भी वनिता विश्राम पर मिलेंगी।
सुबह 10 से 10:15 बजे के बीच सभी रैलियां एकजुट होकर हजारों लोगों के साथ कलेक्टर कार्यालय के लिए रवाना होंगी। इसके बाद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
आध्यात्मिक गुरु और प्रखर गौ सेवक साध्वी कपिला दीदी ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि गौमाता के सम्मान में व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत सूरत शहर से अब तक करीब पांच लाख हस्ताक्षर जुटाए जा चुके हैं। इन हस्ताक्षरों को लाल कपड़े में बांधकर बैलगाड़ियों के माध्यम से रैली में शामिल किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार रैली में ढोल-नगाड़े, झांकियां, बैलगाड़ियां तथा महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी देखने को मिलेगी। व्यापारिक संगठनों ने भी अभियान को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया है।
इस अभियान से जुड़े गौभक्त ललित शर्मा ने बताया कि इस रैली के पूर्व आज गोभक्तो द्वारा अपने खून से प्रधानमंत्री जी एवं राष्ट्रपति जी के नाम प्रार्थना पत्र लिखा गया। गोभक्तो के रक्त से लिखे गए इन प्रार्थना पत्रों में भारत की भूमि को गौवध के कलंक से मुक्त करने तथा केंद्र सरकार द्वारा गौ संवर्धन मंत्रालय प्रारम्भ करने का आग्रह किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे