स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जनभागीदारी से स्वच्छता गतिविधियां

 


नई दिल्ली, 20 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) अभियान के तहत दिल्ली मंडल, उत्तर रेलवे द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विभिन्न स्वच्छता एवं जनसहभागिता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का समापन 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के रूप में होगा। इस वर्ष अभियान का विषय “स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखा गया है।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा राष्ट्रव्यापी अभियान है, जिसका उद्देश्य सक्रिय सहभागिता, सामूहिक जिम्मेदारी के माध्यम से स्वच्छता की संस्कृति को मजबूत करना है। अभियान में सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, युवा सहभागिता, सफाई कर्मियों की गरिमा एवं सुरक्षा तथा व्यापक जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

अभियान के तहत विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। वहीं, रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक करने के लिए दिल्ली जंक्शन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और आनंद विहार टर्मिनल पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया है। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता मानकों में सुधार लाने के लिए गहन स्वच्छता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी