एटीएम धोखाधड़ी मामले में कोलकाता से तीन आरोपित गिरफ्तार, 62 कार्ड और आठ पीओएस मशीनें बरामद

 


कोलकाता, 12 सितंबर (हि.स.)। एटीएम के जरिए धोखाधड़ी कर रुपये निकालने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कोलकाता से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 62 एटीएम कार्ड, 10 सिम कार्ड, 14 मोबाइल फोन और कार्ड से वित्तीय लेनदेन में इस्तेमाल होने वाली आठ प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीनें बरामद की गई हैं। तीनों आरोपित बिहार के जहानाबाद के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों पर एक्सिस बैंक, केनरा बैंक और बंधन बैंक के एटीएम से अवैध तरीके से रुपये निकालने का आरोप है। इनकी पहचान भरत विशाल, इंद्रजीत कुमार और विराज कुमार के रूप में हुई है।

दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले के साइबर थाने में तीन सितंबर को दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान शुक्रवार को दिल्ली पुलिस की एक टीम कोलकाता पहुंची। टीम में एसआई नीरज काकरलिया के अलावा थाने के तीन हेड कांस्टेबल शामिल थे।

दिल्ली पुलिस की टीम ने पूर्व जादवपुर थाने की पुलिस से संपर्क किया और स्थानीय पुलिस की मदद से संबंधित इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने अभियान चलाकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों के पास इतनी बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड और अन्य उपकरण कहां से आए। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन कार्डों का इस्तेमाल किन-किन स्थानों पर और किस तरीके से किया गया। पुलिस एटीएम से रुपये निकालने के पूरे तरीके और आरोपितों के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

पूछताछ के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपित अकेले इस गतिविधि को अंजाम दे रहे थे या इनके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। पुलिस को आशंका है कि बरामद कार्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए अन्य लोगों के साथ भी वित्तीय धोखाधड़ी की गई हो सकती है।

गिरफ्तार तीनों आरोपितों को शनिवार को अलीपुर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दिल्ली पुलिस को तीनों आरोपितों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाने की अनुमति दे दी। इसके बाद दिल्ली पुलिस उन्हें लेकर दिल्ली रवाना होगी। मामले में आगे की जांच जारी है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर