देश भर में अगले कुछ दिनों में हल्की से सामान्य वर्षा और तेज हवा के साथ आंधी का अनुमान
नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.) देश के अलग-अलग हिस्सों में मानसून तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, वहीं पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर-पश्चिम भारत का मौसम भी करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाएं चलने और बारिश होने की चेतावनी दी है।
आईएमडी के अनुसार राजधानी में बुधवार दोपहर-शाम के बीच तेज हवा और गरज के साथ वर्षा होने के आसार हैं। इस दिन का अधिकतम तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29-31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 11 जून को भी यही स्थिति रहेगी और हवा की रफ्तार 50-70 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। अधिकतम तापमान 41-43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29-31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून आज पूर्वोत्तर राज्यों के बाकी हिस्सों, पूरे सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। अगले 5-7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में कहीं-कहीं 7-20 सेमी तक भारी वर्षा होने की संभावना है। एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण 11 और 12 जून को हल्की से मध्यम बारिश के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे के दौरान तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि होने की संभावना है।
अगले 4-5 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के बाकी हिस्सों, पश्चिम-मध्य, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं। उत्तर-पश्चिम भारत और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 6 दिनों के दौरान यहां के अलग-अलग क्षेत्रों में कहीं पर मध्यम और कहीं पर भारी वर्षा होने तथा इसी दौरान कुछ क्षेत्रों में तेज रफ्तार हवाएं चलने के आसार हैं।
मध्य भारत के छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10-15 जून के दौरान वर्षा और पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10-11 जून, छत्तीसगढ़ में 13 जून, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 12 जून, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 12-13 जून, छत्तीसगढ़ में 11-12 जून को तेज हवाएं चलने तथा पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 12 जून को कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने के आसार हैं।
पूर्वी भारत के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में 10-15 जून, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में 10-12 जून, झारखंड में 12-13 जून, बिहार में 11 जून, ओडिशा में 11-12 जून वर्षा होने और यहां के कुछ क्षेत्रों में तेज रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं। इसके अलावा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 11-13 जून, बिहार में 10-12 जून और ओडिशा में 11-13 जून को भारी बारिश होने की भी संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय तथा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10-15 जून के दौरान वर्षा हो सकती है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11-13 जून के दौरान तूफान आने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में 15 जून, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10-13 जून के दौरान भारी बारिश के आसार हैं।
पश्चिमी भारत के कोंकण, गोवा, गुजरात क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 10-15 जून, सौराष्ट्र और कच्छ में 12-15 जून के दौरान बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज हवाएं भी चल सकती हैं। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों में अगले 6 दिनों के दौरान भारी वर्षा जबकि कुछ क्षेत्रों में अगले 6 दिनों के दौरान तेज तूफान आने के आसार हैं। ओडिशा में 10-11 जून के दौरान गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति रहने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी