दिल्ली-एनसीआर में उमस, दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के कई राज्यों में बढ़ा आगे

 


नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम वर्षा होने से तापमान में आई गिरावट के बाद, शुक्रवार को एकबार फिर उमस और भीषण गर्मी बढ़ने से निवासी बेहाल रहे। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से देश के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ रहा है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राजधानी में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। यहां का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 38-40 डिग्री सेल्सियस और 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, आठ जून को आसमान साफ रहेगा। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 39-41 डिग्री सेल्सियस और 27-29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। नौ जून को भी मुख्य रूप से आसमान साफ़ रहेगा। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 40-42 डिग्री सेल्सियस और 28-30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

मौसम अधिकारियों के मुताबिक, आज दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, गोवा के बाकी हिस्सों, कर्नाटक के कुछ और हिस्सों, तमिलनाडु के अधिकतर हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। अगले 7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में कहीं-कहीं 7-20 सेमी तक भारी बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा, अगले 2-3 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के बाकी हिस्सों, पश्चिम-मध्य, उत्तर बंगाल की खाड़ी, पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं।

इसके बाद के 4-5 दिनों के दौरान पूरे मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, कर्नाटक के बाकी हिस्सों, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, ओडिशा के कुछ हिस्सों, पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी इसके आगे बढ़ने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत, पूर्वी भारत, उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य एशिया के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले छह दिनों के दौरान कहीं पर हल्की बारिश और कहीं पर भारी बारिश होने के आसार हैं।

इन इलाकों में कुछ जगहों पर लू चलने की बहुत संभावना है: तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 6-8 जून, पूर्वी मध्य प्रदेश में 9-10 जून, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9-10 जून, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 8-11 जून, ओडिशा में 6-8 जून, पंजाब में 8-11 जून, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 9-10 जून, पश्चिमी राजस्थान में 8-12 जून और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 9-11 जून को कुछ-कुछ जगहों पर लू चलने का अनुमान है। ओडिशा में 8-10 जून के दौरान गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति रहने की संभावना है। वहीं, 7 जून को ओडिशा के कुछ इलाकों में गर्म रात (वार्म नाइट) की स्थिति रहने की बहुत संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ जगहों पर 12-20 सेमी, मेघालय, ओडिशा और बिहार में कुछ जगहों पर 7-11 सेमी तक भारी बारिश दर्ज की गई। मध्य महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हुई।

वहीं, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ और झारखंड में कुछ जगहों पर 60-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलीं। कोंकण, गोवा, गुजरात क्षेत्र, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ जगहों पर हवा की रफ़्तार 40-60 किमी प्रति घंटा रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी