देश के अधिकांश क्षेत्रों में अगले 4-5 दिनों तक गर्मी से राहत के आसार नहीं
नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। देश के मध्य और उत्तर-पश्चिम इलाके में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से अगले चार-पांच दिनों तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं। दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29-31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार मंगलवार को हवाओं की गति 20-30 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। 27 मई को आसमान साफ रहने के आसार हैं, लेकिन लू चलने की स्थिति जस-की तस रहने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 28 मई को हल्के बादल छाए रहने और शाम के दौरान हल्की वर्षा होने के आसार हैं। हवाओं की गति भी 40-50 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है लेकिन बीच-बीच में हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है। इस दिन का अधिकतम तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 31-33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 4-5 दिनों के दौरान तथा पूर्वी और उससे सटे प्रायद्वीपीय भारत में अगले 3-4 दिनों के दौरान भीषण लू की स्थिति जारी रहने के आसार हैं। 29 मई से राजस्थान के कुछ हिस्सों को छोड़कर मध्य और उससे सटे उत्तरी प्रायद्वीपीय, पूर्वी तथा उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में कमी आने और लू की स्थिति में राहत मिलने का अनुमान है। अगले 6-7 दिनों के दौरान उत्तर-पूर्वी भारत में तथा अगले 2-3 दिनों के दौरान केरल एवं तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश में 28-29 मई, उत्तराखंड में 28-31 मई, कोंकण, गोवा में 26-28 मई और मध्य महाराष्ट्र में 27-28 मई को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली के कुछ इलाकों में 25-28 मई तक, उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर 25-27 मई तक, राजस्थान में 25-30 मई तक, मध्य प्रदेश में 25-29 मई तक, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में 25-28 मई तक, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 26-27 मई तक भीषण लू चलने की चेतावनी दी गई है।
वहीं, केरल और माहे के कुछ अलग-अलग स्थानों पर 11-20 सेमी तक भारी वर्षा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय के कुछ अलग-अलग स्थानों पर 7-11 सेमी तक भारी वर्षा दर्ज की गई। जम्मू-कश्मीर-लद्दाख के कुछ अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना, उत्तराखंड, झारखंड, मध्य महाराष्ट्र, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ स्थानों पर 50-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान की स्थिति रही जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, रायलसीमा, गांगेय पश्चिम बंगाल, हरियाणा, पश्चिमी मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ अलग-अलग स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलीं। हरियाणा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ अलग-अलग स्थानों पर लू की स्थिति बनी रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी