दिल्ली‑एनसीआर में भीषण गर्मी, 26 मई तक ऑरेंज अलर्ट; तापमान 47 डिग्री तक जाने का अनुमान

 


नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। दिल्ली‑एनसीआर में गर्मी ने विकराल रूप ले लिया है और इस हफ्ते राहत की उम्मीद बहुत कम है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है और तेज सतही हवाएं चलेंगी।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 20 से 26 मई तक राजधानी और आसपास के अधिकांश हिस्सों में भीषण लू की स्थिति को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कहा कि इस दौरान अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और दिन में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी, जो कभी‑कभी झोंकों के साथ 35 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं।

बीते 24 घंटों में दिल्ली के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज क्षेत्र में सबसे अधिक 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक था। मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सफदरजंग स्टेशन पर बुधवार सुबह 8:30 बजे ड्राई तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस, पालम पर 39.2 डिग्री, लोधी रोड पर 35.0 डिग्री, रिज पर 34.4 डिग्री और आयानगर पर 36.2 डिग्री दर्ज किया गया। 19 मई को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक था। पलाम में 46.4 डिग्री, लोधी रोड में 45.2 डिग्री, रिज में 46.5 डिग्री और आयानगर में 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहा।

सापेक्षिक आर्द्रता बुधवार सुबह और शाम के समय विभिन्न स्टेशनों पर 29 से 48 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई। मौसमी औसत के मुकाबले इस बार वर्षा में भारी कमी दर्ज की गई है। दिल्ली में 20 मई तक कुल वर्षा 18.0 मिमी रही, जबकि सामान्य औसत 47.6 मिमी है। इस साल मई में अब तक केवल 30.7 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य 155.6 मिमी से 125.0 मिमी कम है।

आईएमडी ने कहा कि पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जबकि कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा और कई जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा दर्ज किया गया।

आईएमडी के अनुसार, 21 और 22 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान दिन में तेज गर्म हवाएं चलेंगी जिनकी रफ्तार 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहेगी और कभी‑कभी झोंकों के साथ यह गति 35 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 23 मई को अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन हवाओं की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहेगी और दोपहर के समय कभी‑कभी झोंकों के साथ यह गति 45 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

इसके बाद 24 से 26 मई के बीच दिल्ली में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हालांकि इन दिनों तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज हो सकती है, लेकिन यह सामान्य से अब भी काफी अधिक रहेगा। मौसम विभाग ने कहा है कि इस पूरे सप्ताह दिल्ली‑एनसीआर में आसमान साफ रहेगा और पश्चिम दिशा से आने वाली हवाएं लगातार चलती रहेंगी।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लू की स्थिति स्वास्थ्य के लिए मध्यम स्तर का जोखिम पैदा कर सकती है। शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। विभाग ने लोगों को लंबे समय तक धूप में रहने से बचने, हल्के वजन वाले, हल्के रंग और ढीले सूती कपड़े पहनने तथा बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढंकने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर