दिल्ली में लेखिका मधु किश्वर को नोटिस देने उनकेे ऑफिस पहुंची चंडीगढ़ पुलिस
नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री से जुड़ी भ्रामक सोशल मीडिया सामग्री प्रसारित करने के आरोप में घिरीं लेखिका मधु किश्वर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। किश्वर के खिलाफ दर्ज एफआईआर के संबंध में नोटिस देने के लिए चंडीगढ़ पुलिस की एक टीम दिल्ली स्थित उनके कार्यालय पहुंची।
चंडीगढ़ की पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल को किश्वर के खिलाफ एक एफआईआई दर्ज की गई थी, जिसमें आरोप था कि किश्वर ने सोशल मीडिया पर साझा एक वीडियो को रिट्वीट करते हुए दावा किया कि मसाज ले रहे व्यक्ति प्रधानमंत्री हैं, जबकि जांच में पाया गया कि वीडियो में दिखाया गया व्यक्ति एक ट्रैवल ब्लॉगर है और उसकी पत्नी ने पुष्टि की है कि वह व्यक्ति उनका पति है।
पुलिस ने बताया कि इस वीडियो का अन्य सोशल मीडिया हैंडलर ने भी गलत तरीके से इस्तेमाल किया है। इस संबंध में उनसे पूछताछ करने के लिए पुलिस टीम किश्वर को नोटिस देने उनके दफ्तर पहुंची ताकि वह पुलिस स्टेशन में पेश होकर अपना बयान दर्ज करा सके। इसके लिए कल की तारीख तय की गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए किश्वर ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि जब पुलिस उनके दफ्तर पहुंची, तब वह एक वीडियो रिकॉर्ड कर रही थीं। उन्होंने शाम के समय पुलिस की उपस्थिति पर चिंता जताते हुए महिलाओं की गिरफ्तारी से संबंधित कानूनी प्रावधानों का भी हवाला दिया।
चंडीगढ़ पुलिस ने इस मामले को जानबूझकर भ्रामक और अश्लील सामग्री के जरिए छवि खराब करने की कोशिश माना है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है और अन्य सोशल मीडिया हैंडल की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी