विद्या भारती संस्थान शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में एक आदर्श मार्गदर्शक है : धर्मेंद्र प्रधान

 


नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को कहा कि विद्या भारती संस्थान शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में एक आदर्श मार्गदर्शक है।

धर्मेंद्र प्रधान ने यह बात आज नई दिल्ली स्थित विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के केंद्रीय कार्यालय में नव-निर्मित ‘विद्या भारती भवन’ के लोकार्पण के दौरान कही। इसका उद्देश्य भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को सशक्त करना है।

मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री ने कहा, नई शिक्षा नीति में शामिल कई प्रावधान, जैसे अपनी भाषा में पढ़ाई और कौशल विकास विद्या भारती के पुराने अनुभवों और प्रयासों से प्रेरित होकर लागू की गई हैं। शिक्षकों को बेहतर बनाने के विद्या भारती के मॉडल को नीति में महत्व दिया गया है।

अखिल भारतीय महामंत्री देशराज शर्मा कहा कि विद्या भारती आज विश्व का एक विशाल शैक्षिक संगठन बन चुका है। वर्तमान में छात्र, पूर्व छात्र, आचार्य, पूर्व आचार्य एवं कार्यकर्ताओं का एक विशाल परिवार प्रतिदिन शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विद्या भारती द्वारा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर एवं भविष्य में टीवी चैनल प्रारंभ करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

आनंदमूर्ति गुरु मां ने कहा कि नवीन केंद्रीय कार्यालय के माध्यम से संगठन अपने कार्यों को और अधिक गति प्रदान करेगा।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश सोनी ने कहा कि शिक्षा में केवल भौतिक संरचना नहीं बल्कि भावनात्मक, मानवीय एवं संवेदनशील विकास पर बल देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा को मूल्याधारित, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित एवं संवेदनशील बनाना जरूरी है।

विद्या भारती दिल्ली प्रांत के विद्यार्थियों ने शास्त्रीय नृत्य, भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति, समूहगान एवं लोकनृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं राष्ट्रभाव का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर ‘विद्या भारती भवन’ के निर्माण में योगदान देने वाले आर्किटेक्ट, इंजीनियर, कांट्रेक्टर एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।

इस मौके पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक एवं अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी, विद्या भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र कान्हेरे, आनंदमूर्ति गुरु माँ (गन्नौर, हरियाणा), अखिल भारतीय महामंत्री देशराज शर्मा, संगठन मंत्री गोविंद महंत, सह संगठन मंत्री यतींद्र एवं रामअरावकर, उच्च शिक्षा के संगठन मंत्री रघुनंदन सहित देशभर से आए प्रांतीय, क्षेत्रीय एवं अखिल भारतीय पदाधिकारी, प्रबंध समिति सदस्य, आचार्य एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी