दिल्ली-हलवारा एयर इंडिया फ्लाइट का 10 सितंबर से बदलेगा समय
लुधियाना, 03 सितंबर (हि.स.)। हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के बीच चलने वाली एयर इंडिया की दोपहर की फ्लाइट के समय में 10 सितंबर से बदलाव किया जा रहा है। दिल्ली से आने वाली दोपहर की फ्लाइट 3:35 बजे अब हलवारा पहुंचेगी, जबकि हलवारा से दिल्ली के लिए यही फ्लाइट 4:05 बजे रवाना होगी।
हलवारा एयरपोर्ट के डायरेक्टर जागीर सिंह ने बताया कि 10 सितंबर से एयर इंडिया की सुबह वाली फ्लाइट के समय में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। दोपहर की फ्लाइट के समय में बदलाव नियमित यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए किया गया है। नए समय का यात्रियों ने स्वागत किया है।
हलवारा एयरपोर्ट से नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों का कहना है कि आने वाले महीनों में यहां से और अधिक उड़ानें शुरू की जानी चाहिए, ताकि हलवारा एयरपोर्ट लुधियाना और आसपास के यात्रियों के लिए यात्रा का सुविधाजनक विकल्प बन सके। हलवारा से नियमित यात्रा करने वाले डॉ. गौहर वत्सायन ने कहा कि दिल्ली से कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले यात्रियों को अब अधिक समय मिलेगा। उन्होंने बताया कि वे अक्सर बेंगलुरु और मुंबई आदि शहरों की यात्रा करते हैं और पहले कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने के लिए समय काफी कम रहता था, जिससे फ्लाइट छूटने की चिंता बनी रहती थी।
इस बीच स्थानीय प्रशासन की ओर से एयरपोर्ट अथॉरिटी से हलवारा एयरपोर्ट के प्रतिबंधित परिचालन समय को बढ़ाने का अनुरोध किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। यदि यह अनुरोध स्वीकार होता है तो आने वाले महीनों में उड़ानों के समय में और बदलाव या देरी की संभावना है। इससे दिल्ली से रात के समय विदेश जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियों को राहत मिल सकती है।
-------------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH