दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में पीजी, डीएनबी और फेलोशिप की 108 सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव

 

नई दिल्ली, 20 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली में चिकित्सा शिक्षा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में दिल्ली के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने वर्ष 2026 के लिए दिल्ली के विभिन्न सरकारी अस्पतालों और संस्थानों में स्नातकोत्तर (पीजी), डीएनबी और फेलोशिप पाठ्यक्रमों में कुल 108 अतिरिक्त सीटों का प्रस्ताव पेश किया है।

इस पहल का उद्देश्य दिल्ली में मेडिकल ट्रेनिंग के दायरे को बढ़ाना और विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या में वृद्धि करना है, ताकि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने वर्ष 2026 के लिए राजधानी दिल्ली के विभिन्न सरकारी अस्पतालों एवं संस्थानों में पीजी (एमडी/एमएस) और डीएनबी कोर्स की सीटों की संख्या में 103 सीटें बढ़ाने की अनुशंसा की है। इसके तहत फेलोशिप पाठ्यक्रम के तहत 5 सीटों को भी स्वीकृति प्रदान करने का प्रस्ताव किया गया है। इस प्रकार पीजी, डीएनबी और फेलोशिप के लिए कुल मिलाकर 108 सीटें प्रस्तावित हैं।

विभाग के अनुसार दिल्ली के अलग-अलग प्रमुख अस्पतालों के लिए स्नातकोत्तर कोर्स में (एमडी/एमएस) की 67 सीटें और डीएनबी की 36 सीटें प्रस्तावित की गई हैं। तो वहीं, फेलोशिप पाठ्यक्रम के अंतर्गत 05 सीटें प्रस्तावित हैं, जिनमें से 3 सीटें गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल और 2 सीटें दिल्ली स्टेट कैंसर संस्थान के लिए प्रस्तावित हैं।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यह प्रस्ताव विभाग की सिफारिशों के आधार पर तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य राजधानी में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करना है। इससे डॉक्टरों को मेडिकल ट्रेनिंग के लिए नए-नए अवसर मिलेंगे और हेल्थकेयर सर्विस को और अधिक मजबूती मिलेगी।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि पीजी (एमडी/एमएस), डीएनबी और फेलोशिप कोर्स में सीटों की संख्या बढ़ने और स्पेशल ट्रेनिंग प्रोग्राम के विस्तार से एक मजबूत हेल्थकेयर वर्क फोर्स बनाने में भी मदद मिलेगी। जिससे दिल्ली के प्रत्येक नागरिक को सरकारी अस्पतालों में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण हेल्थ केयर की सुविधाएं सुनिश्चित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी