दिल्ली‑देहरादून आर्थिक गलियारे पर सड़क धंसने पर मंत्रालय की सफाई, कहा- तुरंत मरम्मत की गई
नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली‑देहरादून आर्थिक गलियारे पर भारी बारिश के बाद सड़क धंसने की घटना को लेकर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने स्पष्टीकरण जारी किया है। मंत्रालय ने कहा कि यह समस्या स्थानीय स्तर पर वर्षाजल के ठहराव और स्थायी क्रॉस‑ड्रेनेज सिस्टम को चालू न कर पाने के कारण हुई।
मंत्रालय ने बताया कि एक जुलाई की सुबह नियमित गश्त के दौरान प्रभावित हिस्से का पता चला और तुरंत मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। क्षतिग्रस्त हिस्से को प्राथमिकता से ठीक कर यातायात को सुरक्षित और निर्बाध बनाया गया।
मंत्रालय ने कहा कि जिस बैलेंसिंग कल्वर्ट (जल निकासी संरचना) का निर्माण वर्षाजल निकासी के लिए किया गया था, उसे स्थानीय निवासियों के विरोध के कारण जोड़ा नहीं जा सका। लोग इसे वाहन पार करने के लिए इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे निकासी व्यवस्था चालू नहीं हो पाई और बारिश के दौरान पानी जमा होकर सड़क धंसने की स्थिति बनी।
इसके अलावा स्थायी ढलान सुरक्षा और च्यूट ड्रेन का काम भूमि विवाद के कारण लंबित है। संबंधित भूमि मालिकों ने कार्य की अनुमति नहीं दी है, जिससे परियोजना डिजाइन के तहत प्रस्तावित सुरक्षा उपाय पूरे नहीं हो सके।
मंत्रालय ने कहा कि एनएचएआई ने स्थिति से निपटने के लिए लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी अंतरिम समानांतर नाली का निर्माण शुरू किया है। इसका ढाल इस तरह से तैयार किया जा रहा है कि वर्षाजल सुरक्षित रूप से निकासी बिंदु तक पहुंच सके।
मंत्रालय ने कहा कि प्रभावित स्थान पर लगातार निगरानी की जा रही है और यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संसाधन लगाए गए हैं। भूमि विवाद सुलझने के बाद स्थायी सुरक्षा और निकासी कार्य तुरंत शुरू किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर