मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वीआईटी में कार्बिड का किया उद्घाटन
नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज तमिलनाडु में वेलूर स्थित वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (वीआईटी) में 'सेंटर फॉर एडवांस्ड रिसर्च इन बैक्टीरियोफ़ेज एंड इंफेक्शियस डिजीजेज' (कार्बिड) का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारत की वैज्ञानिक प्रतिभा आज अनुसंधान से समाधान और नवाचार से जनकल्याण की दिशा में नई ऊंचाइयां छू रही है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के सहयोग से स्थापित यह केंद्र संक्रामक रोगों के क्षेत्र में अत्याधुनिक शोध को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान स्वस्थ भारत के संकल्प को मजबूत करते हुए वैश्विक स्वास्थ्य अनुसंधान में भारत की भूमिका को और सशक्त बनाएंगे।
उल्लेखनीय है कि आईसीएमआर द्वारा फंड किए गए प्रतिष्ठित एक्स्ट्रा-म्यूरल सेंटर फ़ॉर एडवांस्ड रिसर्च प्रोग्राम के तहत वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी में डॉ एन रमेश ने कार्बिड की स्थापना की। कार्बिड जानलेवा बैक्टीरियल इन्फेक्शन से निपटने के लिए बैक्टीरियोफ़ेज के आइसोलेशन, कैरेक्टराइजेशन और इलाज में उनके इस्तेमाल से जुड़ी अत्याधुनिक रिसर्च को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित है। खासकर एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (रोगाणुरोधी प्रतिरोध) के बढ़ते मामलों को देखते हुए। यह सेंटर संक्रामक रोगों के मैनेजमेंट में मल्टी-डिसिप्लिनरी रिसर्च और डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स, ट्रांसलेशनल रिसर्च और कंसल्टेंसी सर्विस पर सक्रिय रूप से काम करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव