(लीड) दिल्ली विधानसभा का बैरियर तोड़कर घुसी कार, तीन गिरफ्तार

 


नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा परिसर में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कार गेट नंबर-2 के बैरियर को तोड़ते हुए अंदर घुस गई। इस घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दिल्ली पुलिस ने ड्राइवर समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से कार भी बरामद कर ली गयी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपित की पहचान सरबजीत के रूप में हुई है। उसके नाम पर ही टाटा सिएरा कार (नंबर यूपी-26 एजेड 8090) रजिस्टर्ड है। आरोपितों को दिल्ली के रूप नगर इलाके से पकड़ा गया। फिलहाल तीनों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस घटना के पीछे की मंशा का पता लगाया जा सके।

घटना सोमवार दोपहर करीब 2:10 बजे की है। उस समय विधानसभा परिसर के वीआईपी गेट पर सीआरपीएफ के जवान तैनात थे। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार कार ने गेट नंबर-2 के बैरियर को टक्कर मारकर अंदर प्रवेश कर लिया। सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए कार सीधे अंदर तक पहुंच गई, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि कार से एक व्यक्ति बाहर निकला, जो अपने साथ गुलदस्ता और फूलों की माला लेकर आया था। उसने विधानसभा अध्यक्ष की गाड़ी के पास जाकर गुलदस्ता रखा और कुछ मिनट तक वहीं मौजूद रहा। इसके बाद वह वापस कार में बैठकर फरार हो गया। राहत की बात यह रही कि गुलदस्ते में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। कार का पंजीकरण उत्तर प्रदेश के पीलीभीत का है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने तुरंत कर्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपिताें को दबोच लिया। इस ऑपरेशन में स्थानीय पुलिस के साथ स्पेशल सेल और अन्य केंद्रीय एजेंसियों ने भी अहम भूमिका निभाई। फिलहाल सभी एजेंसियां मिलकर आरोपिताें से पूछताछ कर रही हैं। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा खुद मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता से फोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली। गुप्ता ने बताया कि घटना के समय वे परिसर में ही मौजूद थे। सुरक्षा कारणों के चलते फिलहाल उन्होंने संबंधित वाहन का उपयोग बंद कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, आरोपित ने इस घटना से पहले विधानसभा परिसर की रेकी की थी। जांच में सामने आया है कि आरोपित को अध्यक्ष की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। यही वजह रही कि उसने उनके प्रवेश के महज दो मिनट के भीतर बैरियर तोड़कर अंदर घुसने की टाइमिंग चुनी।

बताया जा रहा है कि आरोपित ने बेहद सुनियोजित तरीके से पूरी वारदात को अंजाम दिया। वह करीब 5 से 10 मिनट के भीतर परिसर में दाखिल हुआ, अध्यक्ष की गाड़ी तक पहुंचा और फिर वहां से निकल गया। इस दौरान उसके पास एक बैग भी था, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं।

राजधानी के सबसे हाई-सिक्योरिटी जोन में इस तरह की सेंध ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीआईपी गेट पर तैनाती के बावजूद कार का अंदर घुस जाना सुरक्षा चूक की ओर इशारा करता है। पुलिस फिलहाल इस मामले को कई एंगल से जांच रही है। आरोपिताें की मंशा, उनके नेटवर्क और किसी बड़े साजिश से जुड़े होने की संभावनाओं पर भी गौर किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या यह सिर्फ ध्यान आकर्षित करने की कोशिश थी या इसके पीछे कोई गंभीर मकसद छिपा है।

इधर घटना के बाद विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस अब मल्टी-लेयर सिक्योरिटी सिस्टम लागू करने पर विचार कर रही है। इसके तहत प्रवेश द्वार की निगरानी, तकनीकी सर्विलांस और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती को और मजबूत किया जाएगा। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आरोपितों से पूछताछ में जुटी हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा और घटना के पीछे की असल वजह सामने आ जाएगी।

घटना की टाइमलाइन-

दोपहर 1:32 बजे विधानसभा अध्यक्ष सदन पहुंचे

दोपहर 1:52 अध्यक्ष अधिकारियों के साथ परिसर में लौटे।

दोपहर 2:06 अध्यक्ष अपने कार्यालय पहुंचे

दोपहर 2:10 आरोपित बैरियर तोड़कर परिसर में घुसा और घटना को अंजाम दिया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी