दिल्ली के 154 प्रवेश द्वारों पर लगा एमएलएफ़एफ टोल सिस्टम, जाम व प्रदूषण से मिलेगी राहत

 




नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों को जल्द ही टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलने वाली है। दिल्ली के 154 प्रवेश द्वारों पर मल्टी लेन फ्री फ्लो (एमएलएफ़एफ़) टोल प्रणाली विकसित करने का काम जल्दी ही पूरा होने वाला है। कुछ स्थानों पर इसका परीक्षण किया जा रहा है। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद वाहनों को टोल चुकाने के लिए रुकने की जरूरत नहीं होगी। वाहन चलते रहेंगे और अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से टोल वसूली की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नई व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए टोल प्लाजा पर व्यावसायिक वाहनों के चालकों को पैम्फलेट भी वितरित किए जा रहे हैं।

एमसीडी के शिफ्ट इंचार्ज अमिताभ ने बताया कि नई एमएलएफएफ टोल प्रणाली लागू होने से प्रदूषण में काफी कमी आने की उम्मीद है। इस व्यवस्था के तहत वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे ईंधन की बचत होगी और लोगों का समय भी बचेगा। साथ ही, टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें खत्म होने से यातायात सुचारु होगा और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने इस परियोजना पर काम तेज कर दिया है। दरअसल, दिल्ली के प्रवेश मार्गों पर टोल प्लाजा के कारण अक्सर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे वाहन चालकों का समय बर्बाद होने के साथ ईंधन की खपत भी बढ़ती है। वाहनों के लंबे समय तक एक ही स्थान पर खड़े रहने से प्रदूषण की समस्या भी गंभीर होती है। एमएलएफएफ तकनीक लागू होने से इन समस्याओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

एमएलएफएफ प्रणाली में आधुनिक कैमरों और आरएफआईडी (रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। वाहनों पर लगे आरएफआई डी को सिस्टम स्कैन करेगा। इसके साथ ही विशेष कैमरों की मदद से वाहन की नंबर प्लेट की तस्वीर लेकर उसका पंजीकरण नंबर दर्ज किया जाएगा। इन दोनों माध्यमों से वाहन की पहचान कर टोल भुगतान की प्रक्रिया पूरी होगी। इससे वाहन चालकों को टोल बूथ पर रुकने या लंबी कतारों में इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

इस तकनीक का इस्तेमाल केवल टोल वसूली तक सीमित नहीं रहेगा। वाहनों की पहचान और निगरानी में भी इससे मदद मिल सकती है। दिल्ली पुलिस को वाहनों की जानकारी जुटाने और निजी तथा व्यावसायिक वाहनों के बीच अंतर करने में सुविधा होगी।

इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आरएफआईडी टैग और नंबर प्लेट की सटीक पहचान, टोल भुगतान में पारदर्शिता और तकनीकी खामियों को तत्काल दूर करना जरूरी होगा। वाहन चालकों को नई व्यवस्था की जानकारी देना और भुगतान प्रक्रिया को सरल बनाना भी महत्वपूर्ण होगा। दिल्ली के 154 प्रवेश द्वारों पर एमएलएटफ़एफ प्रणाली लागू होने के बाद राजधानी की टोल वसूली व्यवस्था डिजिटल स्वरूप ले सकती है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी