दिल्ली की सड़कों को धूल मुक्त और हरा-भरा बनाने की तैयारी,पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों को सीआरआरआई ने दिया विशेष प्रशिक्षण
नई दिल्ली, 05 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली की सड़कों से उड़ने वाली धूल पर लगाम लगाने और सड़क किनारे हरियाली बढ़ाने के लिए सीएसआईआर -केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), दिल्ली सरकार के इंजीनियरों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में किया गया।
इस प्रशिक्षण में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के सड़क पक्कीकरण और हरियाली से जुड़े मानक ढांचे को दिल्ली की सड़कों पर लागू करने के तौर-तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस मौके पर सीआरआरआई के निदेशक डॉ. च. रवि शेखर ने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से सड़क डिजाइन, बेहतर पक्कीकरण और पर्यावरण अनुकूल उपायों को अपनाकर सड़क की धूल को कम किया जा सकता है, जिससे दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार होगा।
सड़क डिजाइन और परिवहन पर प्रशिक्षण
एक दिवसीय प्रशिक्षण में सीआरआरआई के विशेषज्ञ वैज्ञानिकों ने शहरी सड़क निर्माण और योजना से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। इसमें एनसीआर में सड़क पक्कीकरण और हरियाली से संबंधित दिशा-निर्देश, शहरी क्षेत्रों के मानक और आईआरसी दिशानिर्देशों के अनुरूप सड़क नेटवर्क की योजना शामिल रही।
इंजीनियरों को विभिन्न श्रेणियों की सड़कों के लिए कैरेजवे डिजाइन, आवश्यक आंकड़ों के संग्रह और निर्धारित डेटा के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के मानकों के साथ-साथ पैदल यात्रियों और गैर-मोटर चालित परिवहन के लिए बेहतर वॉकवे तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा सड़क संकेतक और मार्किंग, जल निकासी व्यवस्था, बिजली और टेलीकॉम नेटवर्क, बस स्टॉप तथा गैस एवं ईंधन स्टेशनों जैसी सुविधाओं को सड़क ढांचे के साथ बेहतर तरीके से जोड़ने की तकनीकी जानकारी दी गई। इस मौके पर पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर-इन-चीफ नवीन बंसल और पीडब्ल्यूडी के विशेष सचिव रवि झा ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी