डीआरआई ने मुंबई एयरपोर्ट पर 13.74 करोड़ रुपये के सोना और हीरा सहित आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया
मुंबई, 03 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की मुंबई टीम ने मुंबई एयरपोर्ट पर 13.74 करोड़ रुपये के सोना और हीरा सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में चार बांग्लादेशी और दो श्रीलंकाई नागरिक शामिल हैं।
इस कार्रवाई में 12.64 करोड़ रुपये मूल्य का 8,320 ग्राम सोना और 1.10 करोड़ रुपये के हीरे, कुल 13.74 करोड़ रुपये का माल जब्त किया गया है। इस मामले की गहन छानबीन डीआरआई टीम कर रही है।
इस मामले की जांच कर रहे डीआरआई अधिकारी ने शनिवार को बताया कि उनकी टीम को एयरपोर्ट परिसर स्थित कैंटीन में ग्राउंड स्टाफ के तौर पर काम करने वाले एस.के. अंसारी के तस्करी में शामिल होने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर अधिकारियों ने कर्नाटक निवासी एम.एस. लोवना बल्ली (24) और भिवंडी निवासी एस.के. अंसारी (27) को डिपार्चर गेट के पास वॉशरूम में उस समय पकड़ा, जब अंसारी कथित तौर पर लोवना को भूरे टेप से लिपटा एक पैकेट दे रहा था।
तलाशी के दौरान अंसारी के पास से एक काला मोजा मिला, जिसमें मोम जैसे पदार्थ के तीन कैप्सूल थे। पूछताछ में अंसारी ने बताया कि एक ट्रांजिट यात्री को वह सोना सौंप चुका है और छह अन्य यात्री भी सोना लेकर ट्रांजिट क्षेत्र में उसका इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद डीआरआई ने चार बांग्लादेशी नागरिकों शहादत हुसैन (29), मुबारक हुसैन (32), मोहम्मद जुअल (23), मुहम्मद मिजानुद्दीन (25) और दो श्रीलंकाई नागरिकों मोहम्मद रिफास (43) तथा मोहम्मद अनवर आशिक हसन (56) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सभी छह ट्रांजिट यात्रियों ने कथित तौर पर एक ही तस्करी गिरोह के लिए काम करने और गिरोह के निर्देश पर सोने से भरे कैप्सूल अंसारी को सौंपने की बात स्वीकार की है। अधिकारियों के मुताबिक, चार बांग्लादेशी नागरिक दुबई से मुंबई होते हुए ढाका जा रहे थे। रिफास दुबई से मुंबई होते हुए सिंगापुर, जबकि अनवर आशिक हसन कोलंबो से मुंबई होते हुए सिंगापुर जा रहा था। लोवना ने भी पैसे के लालच में भारत से हीरों की तस्करी करने की कोशिश की बात स्वीकार की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव