दिल्ली में बिना पासपोर्ट-वीजा रह रहा बांग्लादेशी परिवार पकड़ा गया, दो बच्चे भी शामिल

 

नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तरी जिला पुलिस ने बाड़ा हिंदूराव इलाके से एक ही परिवार के छह सदस्यों को पकड़ा है। इनमें दो नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, जांच में सभी के बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि हुई है। उनके पास भारत में रहने के लिए वैध पासपोर्ट और वीजा नहीं मिले। इसके बाद सभी को मेडिकल जांच के बाद विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समक्ष पेश किया गया। एफआरआरओ के आदेश पर फिलहाल सभी की आवाजाही सराय रोहिल्ला स्थित सेवा सदन तक सीमित कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि विदेशी नागरिकों के अवैध रूप से रहने की सूचना पर उत्तरी जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल, स्पेशल टास्क फोर्स और फॉरेनर्स सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने बाड़ा हिंदूराव स्थित सरकारी बालिका विद्यालय के पास छापा मारकर मोहम्मद जहांगीर हुसैन (50) को पकड़ा। पूछताछ में उसने खुद को बांग्लादेश का नागरिक बताया और स्वीकार किया कि वह अपने परिवार के साथ बिना वैध यात्रा एवं आव्रजन दस्तावेजों के भारत में रह रहा था।

इसके बाद पुलिस ने उसके परिवार के पांच अन्य सदस्यों को भी तलाश कर हिरासत में लिया। इनमें कोहिनूर (40), नूर मोहम्मद (20), आसिफ (18) और 12 व 10 साल के दो नाबालिग बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने सभी के दस्तावेजों की जांच की। इसमें उनकी बांग्लादेशी नागरिकता से जुड़े दस्तावेज मिले। जांच में यह भी सामने आया कि परिवार दिल्ली के सदर बाजार स्थित आजाद मार्केट इलाके में रह रहा था।

पुलिस ने सभी छह लोगों का अरुणा आसफ अली अस्पताल में मेडिकल कराया। इसके बाद 26 नवंबर को उन्हें दिल्ली के एफआरआरओ के समक्ष पेश किया गया। नागरिकता से जुड़े दस्तावेजों और पुलिस की रिपोर्ट की जांच के बाद एफआरआरओ ने इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के प्रावधानों के तहत प्रतिबंध आदेश जारी किया। इसके तहत आगे की कार्रवाई होने तक सभी छह लोगों की आवाजाही सराय रोहिल्ला के शाहजादा बाग स्थित सेवा सदन तक सीमित कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, परिवार का स्थायी पता बांग्लादेश के नारायणगंज जिले के सोनारगांव थाना क्षेत्र के त्रिपुरदी गांव का दर्ज है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खुफिया सूचना के आधार पर तीन इकाइयों ने समन्वित कार्रवाई की। सत्यापन के बाद मामले को आगे की कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकारी के समक्ष रखा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी