महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, नंदी हॉल में दो घंटे बैठकर किया शिव मंत्रों का जाप
उज्जैन, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार तड़के पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए।
सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे सुरेश रैना ने नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक शिव मंत्रों का जाप किया। उनके साथ भाई और भतीजा भी मौजूद रहे। भस्म आरती के बाद उन्होंने देहरी से भगवान महाकाल का पूजन किया और नंदी जी को जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया।
दर्शन के बाद सुरेश रैना ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन कर उन्हें बेहद अच्छा लगा। मैं 2005 से इस जगह से जुड़ा हुआ हूं। जब मैं यहां इंडिया के लिए खेला था। राहुल द्रविड़ हमारे कैप्टन थे और हमने इंदौर में बहुत सारे मैच खेले हैं। जब भी मैं यहां आता हूं, तो मैं बिल्कुल अलग इंसान बनकर वापस जाता हूं। यहां आकर एक अलग ही स्तर की ऊर्जा महसूस होती है। यह उनके लिए दिव्य अनुभव है। उन्होंने कहा कि पिछली बार वह पत्नी के साथ महाकाल के दर्शन करने आए थे, जबकि इस बार भाई और भतीजे के साथ बाबा का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। महाकाल के दरबार में आने के बाद वह हर बार एक अलग अनुभूति लेकर लौटते हैं।
सुरेश रैना ने मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि रात करीब 12:30 बजे से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए कतार में लगना शुरू हो गए थे। इतनी बड़ी संख्या में भक्तों के आने के बावजूद व्यवस्था संभालने में जुटे कर्मचारियों का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से उनकी सेवा में लगे सभी लोग एक उद्देश्य के साथ काम कर रहे हैं।
महिला क्रिकेट टीम के प्रदर्शन की भी तारीफ की
इस दौरान रैना ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि देश में महिला क्रिकेट लगातार बेहतर कर रहा है। सरकार, बीसीसीआई और विभिन्न क्रिकेट लीग के प्रयासों से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। भारतीय महिला टीम की विश्व कप जीत को उन्होंने देश के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि देश की बेटियां खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगी तो देश भी प्रगति करेगा।
मंदिर समिति ने किया सम्मान
भस्म आरती और दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवड़िया ने सुरेश रैना का पारंपरिक स्वागत-सत्कार किया और उन्हें सम्मानित किया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे