सीमा पार एपीएफ ने तस्करी के 11 लाख से अधिक के पटाखे किए जब्त,मरीजों को ढोने वाले अस्पताल के वैन से बरामद
अररिया, 24 नवम्बर (हि.स.)।
जोगबनी से सटे सीमा पार नेपाल के विराटनगर में आर्म्ड पुलिस फोर्स एपीएफ ने एक वैन से लाखों रूपये मूल्य के तस्करी के पटाखे को जब्त किया। इस वैन का इस्तेमाल एक आंख के अस्पताल के द्वारा भारत से नेपाल मरीजों और यात्रियों को ढोने के लिए किया जाता है।
यात्रियों और मरीजों को ले जाने की आड़ में भारत से पटाखे तस्करी करके लाने की सूचना पर एपीएफ ने जब कार्रवाई की तो वैन से भारी मात्रा में 11 लाख से अधिक मूल्य के पटाखे बरामद हुए। तस्करी में इस्तेमाल की गई गाड़ी को एपीएफ ने तुरंत जब्त कर लिया, लेकिन ड्राइवर मौके से भागने में कामयाब रहा।भारत नेपाल सीमा के गेट नंबर एक जो कि सुरक्षा निगरानी के दायरे में आता है।आर्म्ड पुलिस फोर्स के सामने से ही ड्राइवर का भाग जाना, सीमा पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की निगरानी और नियंत्रण क्षमताओं पर सवाल खड़े करता है।
भारत-नेपाल सीमा पर गेट नंबर एक के पास एपीएफ की रानी कंपनी की टीम ने काले नंबर प्लेट वाली एक मारुति वैन रजिस्ट्रेशन नंबर को 1 झा 2897 को रोका। इस वैन में भारी मात्रा में पटाखे लदे हुए थे। मोरंग एपीएफ प्रमुख और पुलिस अधीक्षक गेहेंद्र बहादुर भंडारी के अनुसार, जब्त की गई वैन और पटाखों की कुल कीमत 11 लाख रुपये से अधिक है।
एसपी भंडारी ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए, जब्त की गई गाड़ी और पटाखों को मंगलवार को विराटनगर कस्टम कार्यालय को सौंप दिया गया है। एपीएफ की शुरुआती जांच से पता चलता है कि इस वैन का इस्तेमाल लंबे समय से यात्रियों को लाने-ले जाने की आड़ में पटाखों और अन्य सामानों की तस्करी के लिए किया जा रहा था। पुलिस को संदेह है कि इस अवैध काम में एक समूह शामिल है, जिसमें अकबर मोहम्मद, चांदनी खातून, मो. शमीम उर्फ बिटना और मो. शहबाज शामिल हैं।
पुलिस के शुरुआती आकलन के अनुसार, यह समूह तस्करी के लिए मारुति वैन का इस्तेमाल कर रहा था। तस्करी की ये गतिविधियां आमतौर पर शाम के समय अंजाम दी जाती थीं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जब्त की गई वैन को मो. शमीम चला रहा था, जो चांदनी खातून का पति बताया जाता है। सूत्रों का दावा है कि जब वैन को रोका गया, तब शमीम ही गाड़ी चला रहा था और वह एपीएफ जवानों के सामने से ही भागने में कामयाब रहा। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं की है कि इसमें उनकी कितनी भूमिका थी या उनकी क्या विशिष्ट भूमिका थी।
पुलिस को शक है कि तस्करी के लिए यात्री वाहन का इस्तेमाल करने का तरीका इसलिए अपनाया गया होगा, क्योंकि इससे आम सफर की आड़ में अवैध सामान को एक जगह से दूसरी जगह ले जाना आसान हो जाता है। इसके अलावा, चूंकि यह आरोप भी है कि इसी गाड़ी का लंबे समय से तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था, इसलिए यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या इसकी गतिविधियों पर पहले से कोई निगरानी रखी जा रही थी।
वैन को हिरासत में लिए जाने के बाद भी ड्राइवर का भाग निकलना सुरक्षा प्रबंधन पर कई सवाल खड़े करता है। एपीएफ के अनुसार, जब वैन को कंपनी बेस की ओर ले जाया जा रहा था, तो अचानक उसका इंजन बंद हो गया। ड्राइवर ने कहा कि उसे गाड़ी के नीचे की वायरिंग चेक करनी है।एसपी भंडारी ने बताया कि ड्राइवर ने इसी मौके का फायदा उठाकर भागने में कामयाबी हासिल की।
एसपी भंडारी ने कहा कि रानी कंपनी के एपीएफ जवान, जो ड्यूटी पर थे, उन्होंने अवैध सामान ले जा रही वैन को रोका। इसके कुछ ही देर बाद, इंजन बंद हो गया।उन्होंने बताया कि जब गाड़ी रुकी हुई थी और ड्राइवर कथित तौर पर नीचे वायरिंग चेक कर रहा था, तो उसने उसी पल का फायदा उठाया और भाग गया।
बहरहाल यात्री और मरीज ढोने वाले वैन से इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे की बरामदगी को लेकर सवाल खड़ा होने लगा है।दरअसल नेपाल में पटाखे या आतिशबाजी पर प्रतिबंध है,ऐसे में इतनी मात्रा में विस्फोटक पटाखे की बरामदगी को लेकर नेपाल एपीएफ कई एंगल से जांच में जुटी है
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर