योग केवल सामान्य व्यायाम नहीं, बल्कि सुखी जीवन जीने की उत्कृष्ट शैली है : सीआर पाटिल

 




सूरत, 21 जून (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की विश्व को दी गई अमूल्य देन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से आज योग विश्वव्यापी जन आंदोलन बन चुका है।

केंद्रीय मंत्री पाटिल रविवार 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गुजरात के सूरत स्थित सरसाना कन्वेंशन सेंटर में राज्य के खेल, युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधि विभाग के जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम काे संबाेधित कर रहे थे। योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने योग, प्राणायाम और ध्यान का सामूहिक अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की विश्व को दी गई अमूल्य देन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से आज योग विश्वव्यापी जन आंदोलन बन चुका है। योग स्वास्थ्य, शांति और एकता का प्रतीक है तथा भाषा और सीमाओं के भेद को समाप्त कर मानवता को जोड़ने का कार्य करता है।

उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और चेतना को एक सूत्र में बांधने का माध्यम है। यह केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला और विज्ञान है। आज की अनियमित दिनचर्या, असंतुलित खानपान और बढ़ते मानसिक तनाव के दौर में योग एक प्रभावी औषधि का कार्य करता है। बिना किसी दवा के शरीर और मन को स्वस्थ रखने वाला योग प्रत्येक व्यक्ति की जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए।

पाटिल ने कहा कि योग दिवस मनाने का उद्देश्य योग को घर-घर, विद्यालयों और कार्यस्थलों तक पहुंचाना तथा लोगों को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से योग अपनाकर स्वास्थ्य के प्रति सजग बनने का आह्वान किया।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘Yoga for Healthy Ageing-स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रही। इसी थीम के अनुरूप पूरे सूरत जिले में शहर, तालुका, महानगरपालिका तथा नगरपालिकाओं के स्तर पर उत्साहपूर्वक योग दिवस मनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गांधीनगर जिले के मानसा में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। प्रधानमंत्री ने योग के माध्यम से स्वस्थ और निरोगी जीवन का संदेश दिया।

45 मिनट के कॉमन योग प्रोटोकॉल में सांसद मुकेश दलाल, विधायक संगीता पाटिल, मनुभाई पटेल, संदीप देसाई, अरविंद राणा, जिला पंचायत अध्यक्ष समीर मोदी, महापौर मायाबेन मावाणी, जिला कलेक्टर तेजस परमार, महानगर पालिका आयुक्त एम. नागराजन, जिला विकास अधिकारी देवेंद्र प्रकाश मीणा, वीएनएसजीयू के कुलपति डॉ. किशोरसिंह चावड़ा, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक जीरावाला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, योग बोर्ड के कर्मयोगी तथा बड़ी संख्या में योग प्रेमी नागरिक शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे