दिल्ली में कांग्रेस की रैली आज, रामलीला मैदान पहुंचने लगे लोग

 




नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के रामलीला मैदान में आज होने वाली कांग्रेस की रैली में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है। पुलिस उपायुक्त (मध्य) रोहित राजबीर ने बताया कि ''लोग रामलीला मैदान पहुंचने लगे हैं। हमारी भी पूरी तैयारी है। हम रैली में आने वाले लोगों की सुविधा का ध्यान रख रहे हैं और साथ ही हमारी ये भी कोशिश है कि स्थानीय लोगों को भी कोई परेशानी न हो। हमने रैली स्थल पर पूरा प्रबंध किया हुआ है। साथ ही रैली मार्ग पर भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।''

पुलिस उपायुक्त राजबीर ने कहा कि इलाके में लगभग 250 सीसीटीवी लगाए गए। आयोजनकर्ताओं ने भी अपने कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं और साथ मिलकर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं। उधर, मंडी हाउस स्थित हिमाचल प्रदेश भवन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इकट्ठा हुए हैं। वह यहां से रामलीला मैदान जा रहे हैं। रामलीला मैदान पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य मोहम्मद इमरान ने कहा कि समूचे उत्तर प्रदेश से करीब एक लाख लोगों के दोपहर तक पहुंचने की संभावना है। रैली में हिस्सा लेने दिल्ली पहुंचे कर्नाटक कांग्रेस प्रवक्ता टीआर प्रसाद गौड़ा ने कहा कि दक्षिणी राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदान पहुंच रहे हैं।

इस रैली के मद्देनजर सुबह से ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर बाहर हलचल तेज हो गई। यहां से कांग्रेस के दिग्गज नेता रामलीला मैदान के लिए कुछ समय बाद प्रस्थान करेंगे। इससे पहले दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने शनिवार दोपहर रामलीला मैदान पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। इंडी गठबंधन ने रैली में 10 लाख लोगों के आने का दावा किया है। दिल्ली पुलिस को खुफिया विभाग ने अवगत कराया है कि रैली में 70 हजार लोगों के आने का अनुमान है।

दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से रामलीला मैदान को 14 जोन में बांटा है। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम किए गए हैं। रामलीला मैदान में प्रवेश के लिए मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। रैली के मद्देनजर प्रमुख चौराहों पर 150 अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद