(अपडेट) राहुल की लोगों से पीएम आवास पहुंचने की अपील, केन्द्रीय मंत्री बातचीत के लिए पहुंचे

 


नई दिल्ली, 21 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस ने मंगलवार को छात्रों के खिलाफ कथित लाठीचार्ज और बल प्रयोग के विरोध में प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इसमें शामिल हुए और उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री आवास पर आकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।

राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है। प्रधानमंत्री मोदी को लगता है कि वो बिना जवाब दिए, बिना किसी नतीजे का सामना किए बच निकलेंगे - नहीं कर पाएंगे, इस बार तो बिल्कुल नहीं। उन्होंने एक्स पर लिखा, ”मैं हर उस देशभक्त भारतीय से अपील करता हूं जो मानता है कि हमारे छात्रों को न्याय मिलना चाहिए - प्रधानमंत्री आवास के सामने हमारे धरने में शामिल हों। भारत के छात्रों की आवाज़ को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।”

इस दौरान केन्द्रीय मंत्री डॉ जितेन्द्र सिंह सरकार की ओर से बातचीत के लिए प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से बात की। इस दौरान केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन भी उनके साथ थे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तथा अन्य नेताओं ने लोक कल्याण मार्ग पर धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई। इस दौरान पुलिस ने कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के अधिकारों और उनकी जायज मांगों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठी है और सरकार को छात्रों पर कथित लाठीचार्ज तथा बल प्रयोग का जवाब देना होगा। खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार ने युवाओं के साथ अन्याय किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता पर जवाब मांगने के लिए उनके आवास की ओर मार्च कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में कोई जवाबदेही नहीं लेना चाहती और न ही संसद में इस विषय पर चर्चा कराना चाहती है। राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य नष्ट करने के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री को अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए और गृह मंत्री को बयान देना चाहिए।

प्रदर्शन में केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीसन, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाडरा, पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, सांसद पवन खेड़ा और कांग्रेस के अन्य सांसद भी शामिल रहे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इसमें पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह ‘चन्नी’ सहित कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के माध्यम से छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने यह प्रदर्शन छात्रों के खिलाफ कथित लाठीचार्ज और बल प्रयोग के विरोध में आयोजित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार