कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक, कल तक आ सकती है असम की पहली सूची
नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में शुक्रवार को असम विधानसभा चुनाव से जुड़ी पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक हुई।
असम से सांसद एवं लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने पत्रकारों को बताया कि बैठक में सीटों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अपेक्षा है कि कल तक उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी जाएगी। पार्टी ज्यादातर सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी और इससे गठबंधन के दलों को आवंटित सीटों की भी जानकारी होगी।
उल्लेखनीय है कि इस महीने के अंत या अगले महीने की शुरुआत में असम सहित पांच राज्यों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा हो सकती है।
गोगोई से झारखंड मुक्ति मोर्चा से गठबंधन के बारे में सवाल पूछा गया लेकिन उन्होंने इसके बारे में स्पष्ट उत्तर नहीं दिया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा