परिसीमन समेत तीन विधेयकों पर कांग्रेस ने जारी किया व्हिप, सांसदों को चार दिन सदन में मौजूद रहने के निर्देश

 


नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस ने लोकसभा में अपने सभी सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी कर 30 नवंबर से 03 दिसंबर तक सदन में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। पार्टी ने सांसदों से इन चार दिनों के दौरान सदन की कार्यवाही स्थगित होने तक उपस्थित रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने को कहा है।

लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक कोडिकुन्निल सुरेश की ओर से रविवार को जारी व्हिप में तीन महत्वपूर्ण विधेयकों का उल्लेख किया गया है। इनमें संविधान (एक सौ बत्तीसवां संशोधन) विधेयक, 2026, केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) द्वितीय विधेयक, 2026 और परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 शामिल हैं। इन विधेयकों पर लोकसभा में 30 नवंबर, 01, 02 और 03 दिसंबर को चर्चा और मतदान होना है।

व्हिप में कांग्रेस के सभी लोकसभा सदस्यों से इन चारों दिन सदन की कार्यवाही स्थगित होने तक उपस्थित रहने और पार्टी के रुख के पक्ष में मतदान करने को कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर