वैन डाइक केस: सिंघवी ने उठाए सवाल कहा आतंक के आरोप हटाए, मांगा सरकार से जवाब
नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी ने अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैन डाइक के खिलाफ आतंकवाद से जुड़े गंभीर आरोप हटाए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर मामले की धाराओं को कमजोर करने पर सरकार को स्पष्टीकरण देना चाहिए।
सिंघवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि यदि मीडिया रिपोर्ट सही हैं कि उच्च-स्तरीय अमेरिका-भारत बैठकों के बाद अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैन डाइक के खिलाफ आतंक से संबंधित आरोप हटा दिए गए हैं, तो केंद्र सरकार को देश के सामने इसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
सिंघवी ने कहा कि जिस व्यक्ति को अवैध प्रवेश, सशस्त्र समूहों से सांठगांठ और ड्रोन वॉरफेयर ट्रेनिंग जैसे बेहद संगीन आरोपों के तहत गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ लगे ये गंभीर आरोप अचानक कैसे गायब हो गए। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े ऐसे संवेदनशील मामलों में इस तरह का समझौता अस्वीकार्य है।
वहीं सरकारी सूत्रों का कहना है कि अमेरिकी नागरिक मैथ्यू आरोन वैनडाइक के खिलाफ आतंकवाद से जुड़े आरोपों की जांच जारी है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उनके खिलाफ लगाए गए आतंकवाद संबंधी किसी भी आरोप को वापस नहीं लिया है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने मार्च 2026 में मैथ्यू वैन डाइक और छह यूक्रेनी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। उन पर मिजोरम के रास्ते अवैध रूप से म्यांमार में प्रवेश करने और जातीय विद्रोही समूहों को ड्रोन युद्ध का प्रशिक्षण देने का आरोप था। प्रारंभिक जांच के आधार पर यह मामला गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) की कठोर धाराओं के तहत दर्ज किया गया था।
आरोप है कि हाल ही में एनआईए द्वारा दाखिल आरोप पत्र (चार्जशीट) में आतंकवाद और यूएपीए से जुड़े प्रावधानों को हटाते हुए केवल आव्रजन (इमिग्रेशन) कानून के तहत आरोप तय किए गए हैं, जिसे लेकर मुख्य विपक्षी दल ने केंद्र सरकार की नीतियों और नीयत पर सवाल खड़े किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर