कांग्रेस ने महिला आरक्षण विधेयक का हमेशा समर्थन किया: पवन खेड़ा

 


नई दिल्ली, 08 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के बयान पर कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिला आरक्षण का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि पहले संसद को सुचारू रूप से चलने दिया जाए, इसके बाद बाकी मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है।

रिजिजू के सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर किए गए पोस्ट से जुड़े एक सवाल पर पवन खेड़ा ने प्रयागराज में कहा, “महिला आरक्षण विधेयक कौन लेकर आया था? इसे किसने पेश किया था? सोनिया गांधी ने 2012 में इसे पेश किया था। उनकी नीयत में खोट है। पहले संसद चलने दीजिए, फिर बाकी चीजों पर चर्चा करेंगे। महिला आरक्षण विधेयक को कौन बाधित कर रहा है, यह सभी जानते हैं।”

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी के महिला सशक्तीकरण से जुड़े बयान के बाद मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर सियासी तंज कसा था। रिजिजू ने कांग्रेस के आधिकारिक एक्स पोस्ट को साझा करते हुए इसे पार्टी के रुख में सकारात्मक बदलाव का संकेत बताया और उम्मीद जताई कि कांग्रेस अब महिला आरक्षण विधेयक का बिना शर्त समर्थन करेगी। रिजिजू ने इसी पोस्ट को साझा करते हुए कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाया और महिला आरक्षण विधेयक के समर्थन को लेकर पार्टी से स्पष्ट रुख की उम्मीद जताई थी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर