खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने खरगे की जगह सलमान खुर्शीद जाएंगे ईरान

 


नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स.)। पूर्व विदेश मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे स्वयं कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पा रहे हैं, इसलिए उन्होंने उन्हें आधिकारिक रूप से नामित किया है।

कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग के प्रमुख सलमान खुर्शीद ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा कि उसी दिन वह शाम चार बजे रवाना होने वाली विशेष उड़ान से तेहरान जाएंगे और खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़े सभी कार्यक्रमों में शामिल होने का प्रयास करेंगे। ईरानी अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है कि वह कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस की ओर से इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार समारोह के लिए कई लोगों को आमंत्रित किया गया है, लेकिन सीटों और प्रतिनिधिमंडल के आकार की सीमाएं हैं। ऐसे में अभी यह स्पष्ट नहीं है कि और कौन-कौन लोग यात्रा में शामिल होंगे।

उल्लेखनीय है कि ईरान ने खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भाजपा और कांग्रेस अध्यक्ष समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया है। भारत सरकार की ओर से विदेश राज्यमंत्री पवित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन भी तेहरान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम 5 से 9 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम तेहरान के इमाम खुमैनी मोसाला प्रार्थना हॉल में होंगे, जबकि अंतिम यात्रा तेहरान और कोम में निकाली जाएगी। अंतिम संस्कार का समापन 9 जुलाई को मशहद में होगा, जहां खामेनेई को इमाम रजा दरगाह परिसर में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

खामेनेई 86 वर्ष के थे और लगभग 36 वर्षों तक ईरान के सर्वोच्च नेता रहे। फरवरी में अमेरिका-इजरायल हमलों के दौरान उनकी मृत्यु हुई थी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर