जीडीपी के आंकड़ों में खेल कर रही सरकार, पूर्व वित्त सचिव ने बताया कि असल ग्रोथ 2.6 फीसदी : जयराम

 


नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस ने सरकार के 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि दर के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग के आकलन के अनुसार वास्तविक जीडीपी वृद्धि करीब 2.6 प्रतिशत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंकड़ों की बाजीगरी के जरिए अर्थव्यवस्था की तस्वीर चमकाने की कोशिश कर रही है, जबकि यह जमीनी हकीकत से अलग है।

कांग्रेस महासचिव (संचार) एवं राज्यसभा सदस्य जयराम रमेश ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि मोदी सरकार अपनी टीम और मीडिया के जरिए जितना फर्जी जीडीपी बढ़ोतरी का ढोल पीटेगी, उतना ही उसकी असलियत सामने आएगी। पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग ने इस दावे पर गंभीर सवाल उठाए हैं और उनका आकलन है कि वास्तविक जीडीपी वृद्धि 7.8 प्रतिशत के बजाय करीब 2.6 प्रतिशत है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि देश की अर्थव्यवस्था वास्तव में मजबूत हो, लेकिन मजबूत अर्थव्यवस्था का रास्ता आंकड़ों को सजाने से नहीं, बल्कि वास्तविक स्थिति को स्वीकार करने से निकलता है। सरकार को पहले अर्थव्यवस्था की वास्तविक स्थिति स्वीकार करनी चाहिए और उसके बाद सुधारों की दिशा में कदम उठाने चाहिए।

जयराम ने कहा कि सरकार को युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों और निजी निवेश को बढ़ावा देने तथा मांग और आमदनी बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। साथ ही आर्थिक असमानता को कम करने और कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को बढ़ावा देने के बजाय निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि सरकार को समझना होगा कि जनसंपर्क के जरिए जीडीपी की तस्वीर चमकाई जा सकती है, लेकिन इससे अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं होती। जिस जीडीपी वृद्धि दर को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशवासियों से पटाखे फोड़ने और दीपावली मनाने की अपील कर रहे हैं, उसी पर उनके पूर्व वित्त सचिव गंभीर सवाल उठा रहे हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर