देश की शिक्षा प्रणाली में बदलाव और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 25 जून को देशव्यापी 'छात्रों की गूंज' प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी कांग्रेस
नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। कांग्रेस ने देश की शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर देश भर में आगामी 25 जून को देशव्यापी 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का एलान किया है। कांग्रेस का आरोप है कि वर्तमान सरकार के पास शिक्षा को लेकर दूरदर्शिता का अभाव है। पिछले 12 वर्षों में शिक्षा का केवल निजीकरण, केंद्रीकरण और संघीकरण किया गया है, जिससे देश के युवाओं के सामने न केवल बेरोजगारी बल्कि रोजगार योग्यता (एम्प्लॉयबिलिटी) का भी गंभीर संकट पैदा हो गया है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, आगामी 25 जून को देश के 28 प्रमुख शहरों में इस अभियान के तहत वरिष्ठ नेताओं को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत दिल्ली में गौरव गोगोई, चेन्नई में प्रियांक खरगे, अहमदाबाद में सतेज पाटिल, बेंगलुरु में वर्षा गायकवाड़, भोपाल में इमरान मसूद और भुवनेश्वर में पवन खेड़ा मीडिया को संबोधित करेंगे। इसके अतिरिक्त बिलासपुर में जयवर्धन सिंह, चंडीगढ़ में राजीव शुक्ला, देहरादून में रंजीत रंजन, गुवाहाटी में शिल्पी नेहा तिर्की, ग्वालियर में पप्पू यादव, हैदराबाद में विक्रांत भूरिया, इंदौर में अभिषेक दत्त, जयपुर में अशोक तंवर, कोलकाता में सुप्रिया श्रीनेत, कोटा में जिग्नेश मेवानी और नागपुर में जीतू पटवारी को कमान सौंपी गई है।
विज्ञप्ति के अनुसार, पटना में अनुपम, पुणे में कन्हैया कुमार, पूर्णिया में नदीम जावेद, रांची में इमरान प्रतापगढ़ी, रोहतक में कुलदीप इंदौरा, सीकर में श्रीनिवास बी.वी., श्रीनगर में उदय भानु चिब, त्रिवेंद्रम में कन्नन गोपीनाथन, विजयवाड़ा में रागिनी नायक, इलाहाबाद में उमंग सिंघार और मेरठ में राहुल कस्वां प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पार्टी का पक्ष रखेंगे। कांग्रेस ने कहा कि इन प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से एक आधुनिक, समावेशी और भविष्य के लिए तैयार शिक्षा प्रणाली के निर्माण पर राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक चर्चा की शुरुआत की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर