इतिहास के पन्नों में 11 जून : अमर क्रांतिकारी राम प्रसाद बिस्मिल की जयंती, जिनकी कलम और क्रांति ने जगाई स्वतंत्रता की अलख
भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में 11 जून का दिन विशेष महत्व रखता है। इसी दिन वर्ष 1897 में उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में महान क्रांतिकारी राम प्रसाद बिस्मिल का जन्म हुआ था। वे उन अग्रणी स्वतंत्रता सेनानियों में शामिल थे जिन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ सशस्त्र क्रांति का बिगुल फूंका और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत की।
राम प्रसाद बिस्मिल का बचपन ऐसे दौर में बीता जब देश में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध असंतोष तेजी से बढ़ रहा था। युवा अवस्था में ही उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को अपना जीवन समर्पित कर दिया। वे क्रांतिकारी संगठन हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन के प्रमुख संस्थापकों में से एक थे और देश को ब्रिटिश शासन से मुक्त कराने के लिए संगठित प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाई।
बिस्मिल का संबंध उस दौर के अनेक प्रसिद्ध क्रांतिकारियों से था, जिनमें अशफ़ाक़ुल्लाह ख़ाँ, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, शिवराम राजगुरु, सुखदेव थापरr और रोशन सिंह जैसे नाम शामिल हैं। इन क्रांतिकारियों ने मिलकर ब्रिटिश शासन को चुनौती देने के लिए कई साहसिक कदम उठाए।
स्वतंत्रता आंदोलन की सबसे चर्चित घटनाओं में से एक, काकोरी कांड में राम प्रसाद बिस्मिल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 09 अगस्त 1925 को क्रांतिकारियों ने सरकारी खजाना ले जा रही ट्रेन को काकोरी के निकट रोककर धन जब्त किया था। इस कार्रवाई का उद्देश्य क्रांतिकारी गतिविधियों के लिए संसाधन जुटाना और ब्रिटिश शासन को चुनौती देना था। इस घटना के बाद बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियां हुईं और लंबी न्यायिक प्रक्रिया चली।
राम प्रसाद बिस्मिल केवल क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील कवि और लेखक भी थे। उनकी रचनाओं ने युवाओं में देशभक्ति और बलिदान की भावना को मजबूत किया। उनकी लेखनी आज भी स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणादायक विरासत का हिस्सा मानी जाती है।
काकोरी प्रकरण में दोषी ठहराए जाने के बाद राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्लाह खान और राजेंद्रनाथ लाहिड़ी सहित कई क्रांतिकारियों को मृत्युदंड सुनाया गया। 19 दिसंबर 1927 को मात्र 30 वर्ष की आयु में राम प्रसाद बिस्मिल ने हंसते-हंसते देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1770 - कैप्टन जेम्स कुक ने ऑस्ट्रेलिया के ग्रेट बैरियर रीफ की खोज की।
1776 - अमेरिका की स्वतंत्रता का घोषणा पत्र तैयार करने के लिए समिति बनाई गई।
1866 - इलाहाबाद उच्च न्यायालय की स्थापना हुई। इसे पहले आगरा उच्च न्यायालय के नाम से जाना जाता था।
1921 - ब्राजील में महिलाओं को चुनाव में मतदान का अधिकार मिला।
1935 - एडविन आर्मस्ट्रांग ने पहली बार एफएम का प्रसारण किया।
1940 - यूरोपीय देश इटली ने मित्र देशों के खिलाफ लड़ाई की घोषणा की।
1955 - पहले मैग्निशियम जेट हवाई जहाज ने उड़ान भरी।
1964 - प्रथम भारतीय प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की इच्छानुसार उनकी अस्थियों की भस्म पूरे देश में विखेरी गई।
1987 - 160 वर्षों में पहली बार मारग्रेट थैचर लगातार तीसरी बार ब्रिटिश प्रधानमंत्री बनीं।
2001 - अमेरिका के ओकलाहोमा शहर में 1995 में एक संघीय इमारत पर बम फेंकने वाले टिमोथी मैग्वेग को मौत की सजा दी गई।
2003 - कोर्निकोवा महिला टेनिस की सबसे सुन्दर खिलाड़ी घोषित।
2006 - नेपाली संसद ने आम राय से नरेश के वीटो अधिकार को समाप्त किया।
2007 - फिजी के अपदस्थ प्रधानमंत्री लाडसेनिया करासे को राजधानी सुवा में प्रवेश की इजाजत मिली।
2008 - ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल को भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया।
2008 - उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने जमुना निषाद के स्थान पर धर्मराज निषाद को मंत्रीमण्डल में शामिल किया।
2008 - भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बन्द बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना रिहा हुईं।
2010 - अफ्रीका ने 19वें फुटबाल विश्व कप टूर्नामेंट की मेजबानी की। यह पहला मौका था जब अफ्रीकी महाद्वीप में इस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
जन्म
1897 -राम प्रसाद बिस्मिल - महान् स्वतन्त्रता सेनानी।
1989 - मानसी जोशी - भारतीय पैरा-बैडमिन्टन खिलाड़ी हैं।
1948 - लालू प्रसाद यादव - भारतीय राजनितिज एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री।
1947 - शाहबुद्दीन याक़ूब क़ुरैशी - भारत के भूतपूर्व 17वें मुख्य निर्वाचन आयुक्त।
1942 - पॉल रत्नस्वामी - तमिलनाडु) भारतीय उत्प्रेरक वैज्ञानिक।
1937 -कनक रेले- प्रसिद्ध भारतीय शास्त्रीय नर्तक, कोरियोग्राफर और शिक्षाविद।
1909 - के. एस. हेगड़े - भारतीय विधिवेत्ता, राजनीतिज्ञ और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष।
1927 - लालडेंगा - मिजो राष्ट्रवादी और मिजोरम के पूर्व मुख्यमंत्री।
निधन
2021 - सिद्धलिंगैया - कन्नड़ भाषा में लिखने वाले भारतीय कवि, नाटककार और दलित कार्यकर्ता।
1997 - मिहिर सेन - भारत के प्रसिद्ध लम्बी दूरी के तैराक।
1924 - वासुदेव वामन शास्त्री खरे - मराठी भाषा के सुप्रसिद्ध इतिहासकार कवि, नाटककार और जीवनी लेखक।
1983 - घनश्यामदास बिड़ला - भारत के उद्योगपति, स्वतंत्रता-संग्राम सेनानी तथा बिड़ला परिवार के एक प्रभावशाली सदस्य।
1970 - लीला नाग - प्रसिद्ध बंगाली पत्रकार और महिला क्रांतिकारी ।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय