इतिहास के पन्नों में 02 सितम्बर : जब बुला चौधरी ने रचा तैराकी का इतिहास
भारतीय खेल इतिहास में 02 सितंबर का दिन लंबी दूरी की तैराक बुला चौधरी की शानदार उपलब्धि के लिए याद किया जाता है। 02 सितंबर 1999 को उन्होंने दूसरी बार इंग्लिश चैनल को तैरकर पार किया और ऐसा करने वाली एशिया की पहली महिला बनीं।
बुला चौधरी का जन्म 02 जनवरी 1970 को कोलकाता में हुआ था। बचपन से ही तैराकी के प्रति उनका लगाव था और आगे चलकर उन्होंने लंबी दूरी की तैराकी में देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। इंग्लिश चैनल को दो बार पार करना उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल है।
उनकी सफलता ने भारतीय महिला खिलाड़ियों के लिए भी नई प्रेरणा पैदा की। बुला ने कठिन परिस्थितियों और लंबी दूरी की चुनौतियों के बावजूद अपने जज्बे और मेहनत से यह मुकाम हासिल किया।
खेल के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए वर्ष 2003 में उन्हें ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। बुला चौधरी की उपलब्धियां आज भी भारतीय खेल जगत में दृढ़ संकल्प, साहस और निरंतर मेहनत की मिसाल मानी जाती हैं।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1573 - अकबर ने गुजरात फतह किया।
1666 - लंदन में भीषण आग लगने से छह लोगों की मौत हुई और दस हज़ार इमारतें नष्ट हो गयीं।
1775 - पहले अमेरिकी युद्ध पोत ‘हाना’ का जनरल जॉर्ज वाशिंगटन ने जलावतरण किया गया।
1789 - अमेरिका में राजस्व विभाग बनाया गया।
1806 - भूस्खलन के कारण स्विटजरलैंड का एक पूरा शहर बर्बाद हो गया था, इसमें 457 लोगों की मौत हुई थी।
1926 - इटली और यमन में हुए समझौते के तहत लाल सागर तट पर इटली का वर्चस्व कायम हुआ।
1930 - ‘क्वेश्चन मार्क’ नामक विमान ने यूरोप से अमेरिका के लिए बिना कहीं रुके पहली बार उड़ान भरी।
1945 - जापान द्वारा हार स्वीकार कर लिए जाने के बाद छह साल तक चला दूसरा विश्व युद्ध समाप्त हुआ।
1945 - हो ची मिन्ही ने स्वतंत्र वियतनाम गणराज्य की स्थापना की।
1946 - जवाहर लाल नेहरू के उप सभापतित्व में अंतरिम भारत सरकार का गठन।
1956- हैदराबाद से सौ किलोमीटर दूर जडचेराला और महबूब नगर के बीच पुल ढ़हने से 125 लोगों की मौत।
1962 - सोवियत संघ क्यूबा को हथियार देने पर राजी हुआ।
1969 - अमेरिका के न्यूयॉर्क में पैसे निकालने वाली मशीन ऑटोमैटिक टैलर मशीन (ए.टी.एम.) को पहली बार दुनिया के सामने पेश किया गया।
1970 - कन्याकुमारी में विवेकानन्द स्मारक का उद्घाटन हुआ।
1990 - काला सागर में सोवियत यात्री जहाज के डूबने से 79 यात्री मारे गए।
1998 - डरबन में 12वें गुट निरपेक्ष आंदोलन शिखर सम्मेलन का अफ़्रीकी राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला द्वारा उद्घाटन।
1996 - मुस्लिम विद्रोहियों और फिलीपींस सरकार ने 26 वर्षों से जारी विद्रोह को समाप्त करने के एक समझौते पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए। इस दौरान एक लाख 20 हजार से अधिक लोग मारे गये थे।
1992 - अमेरिका और रूस अंतरिक्ष स्टेशन के निर्माण के लिए संयुक्त उपक्रम बनाने पर सहमत हुए।
1999 - भारतीय तैराक बुला चौधरी इंग्लिश चैनल दो बार पार करने वाली प्रथम एशियाई महिला बनीं।
2000 - मैनहट्टन परियोजना में अग्रणी भूमिका निभाने वाले वैज्ञानिक जॉन सिम्पसन का निधन, संयुक्त राष्ट्र अमेरिका द्वारा राष्ट्रीय प्रक्षेपास्त्र प्रणाली की तैनाती की योजना स्थगित।
2001 - विश्व में पहला हृदयरोपण करने वाले दक्षिण अफ़्रीका के अग्रणी हृदय विशेषज्ञ क्रिश्चियन बर्नार्ड का साइप्रस में निधन, उन्होंने 1967 में विश्व का पहला हृदय प्रत्यारोपण किया था।
2006 - पश्चिमी ईराक में 3 भारतीयों और 11 पाकिस्तानियों की अपहरण के बाद हत्या।
2007 - अल्बानिया विश्व का पहला रासायनिक हथियार युक्त राष्ट्र बना।
2008 - कानपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो.बी.एन.अस्थाना को उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग की ओर से सरस्वती सम्मान देने की घोषणा की गई।
2008 - भेल के बोर्ड के पदाधिकारी सी.पी.सिंह को नवसृजित संयुक्त उपक्रम एनटीपीसी, बीएचईएल पॉवर का प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड का सीएमडी नियुक्त किया गया।
2009 - आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई. एस. रेड्डी को ले जा रहा हेलीकाप्टर उड़ान भरने के बाद लापता हुआ।
जन्म
1885 - टी. के. माधवन - केरल के प्रसिद्ध समाज सुधारक थे।
1922 - दरोगा प्रसाद राय - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राजनेता तथा स्वतंत्रता सेनानी थे।
1934 - शांता कुमार - भारतीय राजनीतिज्ञ हैं। हिमाचल के पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री बनने का खिताब शांता कुमार के नाम है।
1941 - साधना - प्रसिद्ध भारतीय अभिनेत्री।
1965 - पार्थो सेन गुप्ता - भारतीय फ़िल्म निर्माता
1971 - पवन कल्याण - भारतीय अभिनेता
1984 - उदिता गोस्वामी - भारतीय मॉडल और अभिनेत्री
1988 - इशांत शर्मा - भारतीय क्रिकेटर
1989 - इश्मीत सिंह सोढ़ी - भारतीय पार्श्वगायक
निधन
1955 - अमरनाथ झा - भारत के प्रसिद्ध विद्वान, साहित्यकार और शिक्षा शास्त्री।
1956 - हबीब उर रहमान लुधियानवी - भारतीय स्वतंत्रता सेनानी थे।
1976 - विष्णु सखाराम खांडेकर - मराठी भाषा के सुप्रसिद्ध साहित्यकार।
2009 - वाई. एस. राजशेखर रेड्डी - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राजनीतिज्ञ थे, जो आंध्र प्रदेश के 14वें मुख्यमंत्री रहे।
2022 - रामवीर उपाध्याय - उत्तर प्रदेश की राजनीति में ख़ास स्थान रखने वाले राजनीतिज्ञ थे।
महत्वपूर्ण अवसर
- राष्ट्रीय पोषाहार दिवस (सप्ताह)।
- विश्व नारियल दिवस।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय