मुख्यमंत्री विजय ने शुरू किया ‘नशामुक्त तमिलनाडु’ अभियान, छात्रों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ
चेन्नई, 11 अगस्त (हि.स.)। तमिलनाडु में मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता और कार्रवाई को तेज करने के उद्देश्य से मंगलवार को चेन्नई के स्टेट कॉलेज सभागार में ‘नशामुक्त तमिलनाडु’ अभियान की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री विजय की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली और कॉलेज के छात्र शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत ‘तमिल थाई वाज़्थु’ के साथ हुई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विजय ने छात्रों को नशे से दूर रहने और मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। छात्रों ने शपथ लेते हुए कहा, “मैं नशे की लत का शिकार नहीं बनूंगा” और नशीली दवाओं के उन्मूलन में अपना पूरा योगदान देने का संकल्प लिया।
मुख्यमंत्री विजय के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर पुलिस विभाग की ओर से उन्हें सम्मान सलामी दी गई। इसके बाद मुख्यमंत्री मंच पर पहुंचे और तमिलनाडु के स्कूलों तथा कॉलेजों में नशा एवं तंबाकू मुक्त परिसर जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।
‘नशामुक्त तमिलनाडु’ अभियान के तहत राज्यभर में जब्त किए गए मादक पदार्थों को नष्ट करने की राज्यव्यापी कार्रवाई भी आयोजित की गई। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री विजय की मौजूदगी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चेंगलपट्टू, तिरुनेलवेली, कोयंबटूर और तंजावुर क्षेत्रों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को नष्ट किए जाने की कार्रवाई को वीडियो के माध्यम से देखा।
कार्यक्रम में मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं को जागरूक करने पर जोर दिया गया। अभियान का उद्देश्य स्कूलों और कॉलेजों में नशीली दवाओं तथा तंबाकू के सेवन के खिलाफ व्यापक जागरूकता पैदा करना और युवाओं को नशे से दूर रखना है।
कार्यक्रम के दौरान मद्यनिषेध विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री विजय ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना की गई।
इसके अलावा, मादक पदार्थ विरोधी क्लबों के माध्यम से जागरूकता गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूल और कॉलेज के छात्रों को भी मुख्यमंत्री ने पुरस्कार प्रदान किए।
मुख्यमंत्री विजय ने इस अवसर पर छात्रों से नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राज्यभर में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV