पूर्व आईएएस सुब्रत गुप्त बने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सलाहकार, शांतनु बाला नियुक्त हुए पर्सनल सेक्रेटरी
कोलकाता, 09 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शपथ लेने के कुछ घंटों के भीतर ही प्रशासनिक टीम में महत्वपूर्ण नियुक्तियां कर दीं। 2017 बैच के आईएएस अधिकारी शांतनु बाला को मुख्यमंत्री का नया पर्सनल सेक्रेटरी बनाया गया है। जबकि सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुब्रत गुप्त को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है।
सुब्रत गुप्त इससे पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग के विशेष पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। पिछले वर्ष अक्टूबर में राज्य में शुरू हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में भी उन्हें विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। चुनाव आयोग ने उनके कामकाज पर संतोष जताते हुए बाद में विधानसभा चुनाव में भी अहम जिम्मेदारी दी थी।
मुख्यमंत्री के पर्सनल सेक्रेटरी नियुक्त होने से पहले शांतनु बाला दक्षिण 24 परगना जिले में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) के पद पर तैनात थे। इससे पहले वह कूचबिहार और मुर्शिदाबाद जिलों में भी एडीएम के रूप में कार्य कर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद चुनाव आयोग ने राज्य के कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर फेरबदल किया था। फिलहाल दुष्यंत नारियाला राज्य के मुख्य सचिव और संगमित्रा घोष गृह सचिव के पद पर हैं। नई सरकार बनने के बाद इन पदों पर भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शुक्रवार को नवान्न जाएंगे और उसी दिन नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक भी हो सकती है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा